सपा-कांग्रेस के बीच बातचीत, सीट बंटवारे पर दो-चार दिनों में फैसले का संकेत

Edited By Updated: 23 Nov, 2026 03:40 PM

talks between sp and congress indications of a decision on seat sharing within

समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर बातचीत की और चुनाव मिलकर लड़ने पर सहमति जताते हुए सीटों के तालमेल को अगले दो-चार दिनों में अंतिम रूप देने के संकेत दिए। दोनों दलों के नेता मंगलवार...

नई दिल्ली : समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर बातचीत की और चुनाव मिलकर लड़ने पर सहमति जताते हुए सीटों के तालमेल को अगले दो-चार दिनों में अंतिम रूप देने के संकेत दिए। दोनों दलों के नेता मंगलवार को भी बैठक करेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं के बीच हुई बैठक 15-20 मिनट में खत्म हो गई। 

सूत्रों का कहना है कि बैठक के दौरान कांग्रेस ने उन सीटों की सूची सपा नेताओं को सौंपी जहां से पार्टी अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। सूत्रों ने बताया, 'बैठक में हमने सपा को अपनी प्राथमिकता वाली सीटों की सूची सौंपी है। सपा के लोग इस पर चर्चा के बाद आगे बताएंगे। सीट बंटवारे पर कल फिर आगे बातचीत होगी।' 

बैठक में कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए। वहीं, सपा की ओर से रामगोपाल यादव, पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद सपा के महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विचारों को सुना। 

यादव ने कहा, 'बैठक बहुत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। हमने एक-दूसरे के विचार सुने। हम जल्द ही इस गठबंधन को अंतिम रूप देंगे और इसकी जानकारी देंगे। अगले दो से तीन दिनों में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। अगली बैठक कल होगी।' कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी बैठक को सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमति जताई है और सीट बंटवारे को लेकर सौहार्दपूर्ण समाधान निकाल लिया जाएगा। 

गौतम ने कहा, 'कल एक और बैठक होगी। आज की बैठक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। दोनों पक्षों ने मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमति जताई है। हम आपसी सहमति से समाधान पर पहुंचेंगे। लगभग सभी मुद्दों पर चर्चा हो रही है।' उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अराधना मिश्रा ने कहा कि सीट बंटवारे पर अगले दो-चार दिनों में फैसला हो जाएगा। 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!