Edited By ,Updated: 30 Jun, 2016 08:19 PM
मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र्र मोदी ने आज मंत्रिपरिषद के साथ मैराथन बैठक कर सभी मंत्रालयों के कामकाज की व्यापक समीक्षा की।
नई दिल्ली: मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र्र मोदी ने आज मंत्रिपरिषद के साथ मैराथन बैठक कर सभी मंत्रालयों के कामकाज की व्यापक समीक्षा की। बैठक में सभी मंत्रालयों ने अपने दो साल के कामकाज तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से प्रस्तुति दी। इसमें मंत्रियों ने अपने-अपने मंत्रालयों की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की भी जानकारी दी। शाम चार बजे शुरू हुई यह बैठक चार घंटे से भी अधिक समय तक चली।
अगले सप्ताह मंत्रिमंडल में होने वाले फेरबदल की अटकलों के बीच हुई इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मोदी को चार जुलाई को अफ्रीकी देशों यात्रा पर भी जाना है और इससे पहले ही मंत्रिमंडल में फेरबदल किए जाने की संभावना है। संसद के 18 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र को देखते हुए भी मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना प्रबल बताई जा रही है। प्रधानमंत्री ने कल रात भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की थी जो पार्टी में संगठनात्मक फेरबदल की तैयारियों में लगे हैं।