Edited By Punjab Kesari,Updated: 06 Oct, 2017 03:43 PM
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर होने वाले राजनीतिक हमलों से सरकार का बचाव...
नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर होने वाले राजनीतिक हमलों से सरकार का बचाव करते हुए आज कहा कि विश्व बैंक एवं निजी क्षेत्र में उद्योगपतियों का कहना है कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को लेकर अर्थव्यवस्था में आई गिरावट अल्पकालिक है और बाद में इसका देश पर व्यापक सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। नायडू ने भारतीय रेलवे एवं मेट्रो में प्रौद्योगिकी उन्नयन पर एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में कहा कि आज-कल जीएसटी के असर पर चर्चा हो रही है।
भारत निवेशकों का पसंदीदा स्थल
उन्होंने कहा कि दुनिया हमारी ओर देख रही है और निवेश करने की इच्छुक है। भारत निवेशकों का पसंदीदा स्थल बन चुका है। नायडू ने कहा कि देश में जब ज्ञान यज्ञ होगा तो उससे अच्छा परिणाम आएगा। उल्लेखनीय है कि भाजपा के बागी नेता यशवंत सिन्हा और कांग्रेस के नेताओं द्वारा अर्थव्यवस्था में गिरावट को लेकर सरकार पर लगातार हमले कर रहे हैं। मोदी सरकार में मंत्री रहे नायडू के इस बयान को इन्हीं हमलों का जवाब माना जा रहा है। रेलवे के विकास के बारे में उपराष्ट्रपति ने कहा कि रेलवे के विकास के लिये नवान्वेषण तथा शोध एवं विकास गतिविधियों को बढ़ावा देना होगा।