‘पाक ड्रोन द्वारा ड्रग्स और हथियारों’ की तस्करी तेज कर रहा है!

Edited By Updated: 14 Mar, 2026 04:12 AM

pakistan is stepping up the smuggling of drugs and weapons via drones

भारत से युद्ध में बार-बार मुंह की खाने के बाद अब पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान भारत में नशे और हथियार भेज कर देश की युवा पीढ़ी को कमजोर और गुमराह करने में जुटा है। पिछले वर्ष के दौरान ही बी.एस.एफ. ने पंजाब सीमा के अंदर पाकिस्तान से हथियार, गोला-बारूद और...

भारत से युद्ध में बार-बार मुंह की खाने के बाद अब पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान भारत में नशे और हथियार भेज कर देश की युवा पीढ़ी को कमजोर और गुमराह करने में जुटा है। पिछले वर्ष के दौरान ही बी.एस.एफ. ने पंजाब सीमा के अंदर पाकिस्तान से हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थ गिराने के लिए आ रहे 272 ड्रोन जब्त किए। 2025 के 11 महीने में ही 367 किलोग्राम से अधिक हैरोइन और बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए। पाकिस्तान द्वारा पिछले एक महीने में भारत में भेजे गए हथियार और नशों की तस्करी के पकड़े गए मामले निम्न में दर्ज हैं : 

* 10 फरवरी, 2026 को सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) और राजस्थान पुलिस ने ‘श्रीगंगानगर’ जिले में ड्रोन के जरिए सीमा पार से गिराई गई 6.462 किलोग्राम हैरोइन बरामद की। इस मामले में पंजाब के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया जबकि 2 अन्य भागने में सफल रहे।
* 14 फरवरी को  सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) और जम्मू पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में जम्मू के ‘आर.एस.पुरा सैक्टर’ में 6.5 किलोग्राम से अधिक अवैध नशीले पदार्थ बरामद किए, जिनकी अनुमानित अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 40 करोड़ है। 
* 27 फरवरी को बी.एस.एफ. और राजस्थान पुलिस ने ‘बीकानेर’ जिले के ‘खाजूवाला’ इलाके में पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा गिराए गए हथियारों का जखीरा जब्त किया। इसमें 5 चीन निर्मित पिस्तौल, 325 कारतूस और लगभग 70 किलोग्राम का एक ड्रोन बरामद किया गया। 
* 1 मार्च को अमृतसर पुलिस ने 10 तस्करों को भारी मात्रा में ड्रग्स और हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। ‘अमृतसर’ के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर के मुताबिक तस्करों के कब्जे से 5.4 किलोग्राम हैरोइन, 3 अत्याधुनिक पिस्तौलों (जिनमें ग्लॉक 9 मि.मी., जिगाना 9 मि.मी. और .32 बोर की बंदूक शामिल हैं) के साथ-साथ 34 जिंदा कारतूस और 4500 रुपए जब्त किए।

* 7 मार्च को अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़  करते हुए एक नाबालिग सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 5 अत्याधुनिक पिस्तौल और एक धारदार हथियार जब्त किए। गिरफ्तार किए गए सभी बालिग आरोपियों की आयु 20 वर्ष के आसपास थी। पकड़े गए आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाक तस्करों के संपर्क में थे।
* 8 मार्च को काऊंटर इंटैलीजैंंस अमृतसर की टीम ने ‘अमृतसर’ के ‘गिल्लां गांव’ के निवासी रणजीत सिंह को 9 किलोग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के अनुसार आरोपी रणजीत सिंह ‘अमृतसर’ के गांव ‘घोनेवाला’ में पाकिस्तान द्वारा ड्रोन से भेजी गई हैरोइन को उठा कर आगे तस्करों को सप्लाई करने जा रहा था और पुलिस ने नाकाबंदी कर के उसे मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया
* और अब 11 मार्च को बी.एस.एफ. की ‘अमृतसर’ सैक्टर की टीम ने सीमवर्ती गांव ‘दाऊके’ निवासी निशान सिंह को 55 करोड़ रुपए कीमत की हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया। जिस समय निशान सिंह को गिरफ्तार किया गया उस समय वह पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सीमा पर फैंकी गई हैरोइन की डिलीवरी लेने गया था।

*  11 मार्च को ही जालंधर एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने ‘अमृतसर’ से ‘जालंधर’ में हैरोइन की सप्लाई करने आए 2 तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 1 किलो 546 ग्राम हैरोइन बरामद की।
* 11 मार्च को ही ‘जालंधर’ में सी.आई.ए. स्टाफ की टीम ने ‘जालंधर’ के विभिन्न इलाकों में हैरोइन की सप्लाई करने वाले 3 युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 150 ग्राम हैरोइन बरामद की।

पंजाब, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान सीमा पर सामने आए तस्करी के इन मामलों से स्पष्ट है कि पाकिस्तान अपनी इन नापाक हरकतों से बाज नहीं आने वाला। इसे देखते हुए भारत की सुरक्षा एजैंसियों को सीमा पर ज्यादा मुस्तैद होना पड़ेगा और सीमा पर एंटी ड्रोन सिस्टम को मजबूत करके तस्करी के मामलों पर काबू पाना पड़ेगा, जिससे हम देश की युवा पीढ़ी को नशे और अवैध हथियारों से मुक्त करने में कुछ हद तक कामयाब हो सकें।—विजय कुमार

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!