Edited By jyoti choudhary,Updated: 12 Aug, 2026 11:21 AM

नई दिल्लीः देश के सबसे बड़े औद्योगिक घराने टाटा ग्रुप से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। खबरों के अनुसार, टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
नई दिल्लीः देश के सबसे बड़े औद्योगिक घराने टाटा ग्रुप से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने 12 अगस्त को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, वह अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा करेंगे और इसके बाद दोबारा चेयरमैन पद के लिए नियुक्ति की मांग नहीं करेंगे। चंद्रशेखरन फरवरी 2027 तक चेयरमैन के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।
टाटा संस में चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर फरवरी में फैसला टाल दिया गया था। टाटा समूह की चैरिटेबल संस्था टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने उनकी पुनर्नियुक्ति का विरोध किया था।
चंद्रशेखरन 1987 में टाटा समूह से जुड़े थे। उन्होंने 2009 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के CEO का पद संभाला और 2017 में टाटा संस के चेयरमैन बने। इसी बीच, 12 अगस्त को चंद्रशेखरन ने 18 अगस्त को होने वाली टाटा संस की AGM से पहले अपने करीबी सहयोगियों के साथ पद छोड़ने की संभावना पर चर्चा की थी।
टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के बीच मतभेद
टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के बीच बोर्ड में प्रतिनिधित्व, कारोबारी रणनीति और शापूरजी पालोनजी (SP) ग्रुप की हिस्सेदारी से बाहर निकलने की योजना समेत कई मुद्दों पर मतभेद सामने आए हैं। इसी बीच, सर रतन टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी विजय सिंह ने भी अपने मौजूदा कार्यकाल की समाप्ति से पहले पद छोड़ दिया है। उनका कार्यकाल शुक्रवार को खत्म होना था। सिंह ने ट्रस्ट को बताया कि वह दोबारा नियुक्ति के लिए अपना नाम नहीं देना चाहते।
फरवरी में टली थी पुनर्नियुक्ति
फरवरी में चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल को मंजूरी देने के लिए होने वाली बोर्ड बैठक को टाल दिया गया था। रिपोर्टों के मुताबिक, नोएल टाटा ने टाटा संस के कर्ज को सीमित करने, कंपनी की सार्वजनिक लिस्टिंग से बचने और शापूरजी पालोनजी ग्रुप से जुड़े मुद्दों के समाधान को लेकर आश्वासन मांगा था। इसके बाद चंद्रशेखरन ने टाटा ट्रस्ट्स के साथ सहमति बनाए रखने के लिए अपनी पुनर्नियुक्ति पर फैसला टालने की सिफारिश की थी।