Edited By Ramanjot,Updated: 09 Nov, 2026 03:53 PM

Avancier की सबसे बड़ी खासियत इसका नेक्स्ट-जनरेशन हाइब्रिड पावरट्रेन है। कंपनी के अनुसार, नई हाइब्रिड तकनीक का लक्ष्य मौजूदा सिस्टम की तुलना में 10 प्रतिशत से अधिक बेहतर माइलेज (फ्यूल एफिशिएंसी) प्रदान करना है।
ऑटो डेस्क: बेहतर माइलेज, कम उत्सर्जन और आधुनिक ड्राइविंग अनुभव की बढ़ती मांग को देखते हुए जापानी दिग्गज कार निर्माता कंपनी होंडा (Honda) ने अपनी नई प्रीमियम SUV 'Avancier' का पहला आधिकारिक टीजर जारी कर दिया है। यह नई SUV 1 दिसंबर 2026 को वैश्विक स्तर पर पेश की जाएगी।
होंडा की पहली SUV, जिस पर दिखेगा नया 'Honda Hybrid' बैज
यह होंडा की पहली SUV होगी जिस पर कंपनी का नया सिग्नेचर 'H' लोगो और 'Honda Hybrid' बैज देखने को मिलेगा। इस SUV को होंडा की मौजूदा CR-V से ऊपर पोजिशन किया जाएगा, यानी यह कंपनी के बड़े और अधिक प्रीमियम SUV सेगमेंट का हिस्सा बनेगी। होंडा साल 2020 से अपनी इलेक्ट्रिफाइड कारों के लिए 'e:HEV' नाम का इस्तेमाल कर रही थी। अब Avancier के साथ कंपनी अपनी पुरानी ब्रांडिंग को बदलकर 'Honda Hybrid' नाम का उपयोग शुरू कर रही है।
डिजाइन और एक्सटीरियर की झलक
टीजर के मुताबिक, Avancier का डिजाइन मौजूदा होंडा कारों की तुलना में काफी अलग और फ्यूचरिस्टिक है। इसमें स्प्लिट हेडलैंप सेटअप दिया गया है, जिसमें ऊपर पतली LED DRLs (डे-टाइम रनिंग लाइट्स) और नीचे इनवर्टेड U-शेप लाइट बार मौजूद है। पीछे की तरफ पतली हॉरिजॉन्टल और वर्टिकल LED लाइटिंग दी गई है। सेंटर में नया होंडा लोगो और उसके ठीक नीचे बड़ा 'Avancier' बैज लिखा हुआ है। गाड़ी की छत पर एक स्पॉइलर (Integrated Spoiler) भी नजर आता है। माना जा रहा है कि यह नया डिजाइन लैंग्वेज होंडा की आने वाली अन्य कारों में भी देखने को मिलेगा।
10% ज्यादा माइलेज, 30% कम लागत
Avancier की सबसे बड़ी खासियत इसका नेक्स्ट-जनरेशन हाइब्रिड पावरट्रेन है। कंपनी के अनुसार, नई हाइब्रिड तकनीक का लक्ष्य मौजूदा सिस्टम की तुलना में 10 प्रतिशत से अधिक बेहतर माइलेज (फ्यूल एफिशिएंसी) प्रदान करना है। होंडा ने इस नए सिस्टम की निर्माण लागत (Cost) में 30 प्रतिशत से अधिक की कमी लाने का लक्ष्य रखा है, जिससे गाड़ियाँ अधिक प्रतिस्पर्धी कीमत पर पेश की जा सकेंगी।
ग्लोबल लॉन्च और भारत में उपलब्धता
होंडा की नई Avancier का प्रोडक्शन थाईलैंड में किए जाने का प्लान बताया गया है. इसे राइट हैंड ड्राइव मॉडल के रूप में तैयार किया जा सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक जापान और ऑस्ट्रेलिया में अगले साल इसकी बिक्री शुरू होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि भारतीय ग्राहकों को अभी इंतजार करना होगा. कंपनी ने भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।