Edited By jyoti choudhary,Updated: 11 Aug, 2026 11:32 AM

महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई के मलाड वेस्ट में क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Blinkit के एक डार्क स्टोर में गंभीर गंदगी और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई खामियां...
मुंबईः महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई के मलाड वेस्ट में क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Blinkit के एक डार्क स्टोर में गंभीर गंदगी और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई खामियां मिलने के बाद उसका फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
वहीं, बुलढाणा जिले में Reliance Retail के एक आउटलेट से फफूंद लगी और कीड़े पाए जाने वाली काजू कतली के 54 बॉक्स जब्त किए गए हैं। FDA ने मिठाई के सैंपल जांच के लिए फूड लैब भेज दिए हैं।
Blinkit स्टोर में मिलीं गंभीर खामियां
FDA की टीम ने 7 अगस्त को मुंबई के मलाड वेस्ट स्थित सर्वोदय भवन में चल रहे Blinkit के स्टोर का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान स्टोर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं।
- सब्जियों और फलों के स्टोरेज एरिया में बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए। अधिकारियों के मुताबिक, इससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने का खतरा था।
- स्टोर के कोल्ड रूम में भी सफाई व्यवस्था खराब मिली। यहां एक्सपायर्ड और टैम्पर्ड पैकेजिंग वाले खाद्य उत्पाद रखे हुए थे। इसके अलावा सामान के स्टोरेज में FIFO और FEFO जैसे जरूरी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।
- FDA को कीड़े और चूहों की रोकथाम के लिए पर्याप्त इंतजाम भी नहीं मिले। कचरा प्रबंधन और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में भी कमियां पाई गईं।
- इसके अलावा, स्टोर में काम करने वाले फूड हैंडलर्स की मेडिकल या हेल्थ रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। कर्मचारियों द्वारा जरूरी पर्सनल हाइजीन और सुरक्षात्मक उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर भी नियमों का पालन नहीं पाया गया।
- इन खामियों के बाद FDA ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32(3) के तहत स्टोर का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। लाइसेंस बहाल होने तक स्टोर खाद्य कारोबार, बिक्री या वितरण नहीं कर सकेगा।
Reliance Retail आउटलेट से काजू कतली के 54 बॉक्स जब्त
FDA की कार्रवाई सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं रही। बुलढाणा जिले के ARD Cinemall स्थित Reliance Retail आउटलेट पर भी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कार्रवाई की।
8 अगस्त को एक उपभोक्ता ने शिकायत की थी कि आउटलेट से खरीदी गई 'लक्ष्मी नारायण' ब्रांड की काजू कतली में फफूंद लगी थी और उसमें जिंदा कीड़े भी मिले थे।
शिकायत के बाद FDA की टीम ने आउटलेट का निरीक्षण किया और काजू कतली के सैंपल लिए। कार्रवाई के दौरान कुल 54 बॉक्स जब्त किए गए, जिनका कुल वजन करीब 11.34 किलोग्राम बताया गया है।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
FDA ने जब्त की गई काजू कतली के सैंपल जांच के लिए फूड लेबोरेटरी भेज दिए हैं। विभाग के मुताबिक, लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र FDA की इन कार्रवाइयों से साफ है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और स्टोरेज नियमों में लापरवाही को लेकर विभाग अब सख्ती बरत रहा है।