चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में यात्री वाहनों की थोक बिक्री रिकॉर्ड 12.74 लाख इकाई: सियाम

Edited By Updated: 15 Jul, 2026 01:42 PM

passenger vehicle wholesale sales hit a record 12 74 lakh units

देश में चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में यात्री वाहनों की थोक बिक्री 25.9 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 12,73,811 इकाई रही। उद्योग संगठन सियाम ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि पश्चिम एशिया युद्ध से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद मजबूत घरेलू...

नई दिल्लीः देश में चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में यात्री वाहनों की थोक बिक्री 25.9 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 12,73,811 इकाई रही। उद्योग संगठन सियाम ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि पश्चिम एशिया युद्ध से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद मजबूत घरेलू मांग के कारण यह वृद्धि दर्ज की गई। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में यात्री वाहनों की थोक बिक्री 10,11,884 इकाई रही थी। इससे पहले 2024-25 की अप्रैल-जून तिमाही में रिकॉर्ड करीब 10.3 लाख इकाई की बिक्री दर्ज की गई थी। 

सियाम के अनुसार, पहली तिमाही में दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री 20.3 प्रतिशत बढ़कर 56,28,675 इकाई रही, जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 46,77,990 इकाई थी। संगठन ने कहा कि तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री भी पहली तिमाही में अब तक के उच्चतम स्तर 2,14,339 इकाई पर पहुंच गई। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की 1,65,211 इकाई की तुलना में 29.7 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री भी सर्वाधिक 2.65 लाख इकाई रही, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 18.3 प्रतिशत अधिक है। 

सियाम के अध्यक्ष शैलेश चंद्रा ने कहा, ''पश्चिम एशिया में व्यवधानों से उत्पन्न हुई चुनौतियों के बावजूद वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सभी वाहन श्रेणियों का मजबूत प्रदर्शन घरेलू मांग के समर्थन, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की कम दरों, वित्तपोषण लागत में नरमी, कम आधार प्रभाव और नए मॉडल की पेशकश का परिणाम है।'' उन्होंने कहा कि फिलहाल उपभोक्ता धारणा और मांग स्थिर बनी हुई है, लेकिन उद्योग, कृषि उत्पादन एवं ग्रामीण मांग पर संभावित प्रभाव को देखते हुए भू-राजनीतिक घटनाक्रम तथा मानसून की प्रगति पर करीबी नजर बनाए हुए है। इस बीच, घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री जून में सालाना आधार पर 24.1 प्रतिशत बढ़कर 3,88,144 इकाई रही। यात्री वाहनों की थोक बिक्री जून 2025 में 3,12,851 इकाई थी। 

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के बयान के अनुसार, पिछले महीने दोपहिया वाहनों की कुल थोक बिक्री 18.6 प्रतिशत बढ़कर 18,51,400 इकाई हो गई, जो जून 2025 में 15,61,283 इकाई थी। तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री जून में 26.1 प्रतिशत बढ़कर 77,951 इकाई रही, जबकि एक वर्ष पहले की समान अवधि में यह 61,828 इकाई थी। दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के परिदृश्य पर सियाम ने कहा कि उद्योग के त्योहारी मौसम में प्रवेश करने के साथ मांग के स्थिर बने रहने की उम्मीद है, हालांकि जिंस (कमोडिटी) की लागत अब भी उद्योग के लिए दबाव का प्रमुख कारण बनी हुई है। 

मोटर वाहन उद्योग के संगठन ने कहा, ''पश्चिम एशिया में पहले हुए युद्धविराम से गैस, ईंधन और अन्य जिंसों की आपूर्ति में सुधार आया था लेकिन उद्योग हाल के घटनाक्रमों पर करीबी नजर बनाए हुए है।'' सियाम के अनुसार, जीएसटी में कटौती के प्रभाव और अपेक्षाकृत कम ब्याज दरों पर वित्तपोषण उपलब्ध होने से वाहनों की कुल लागत कम बनी हुई है जिससे मांग को लगातार समर्थन मिल रहा है। जून के अंतिम सप्ताह और जुलाई के पहले सप्ताह में हुई बारिश से अब तक मानसून की कमी कुछ हद तक कम हुई है। साथ ही मुद्रास्फीति भी नियंत्रित रही जिससे पहली तिमाही में मांग पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!