Edited By Punjab Kesari,Updated: 16 Jul, 2017 04:03 PM
प्रमुख आइ.टी. कंपनी टेक महिंद्रा की इस साल अमरीका में 2200 लोगों को नौकरी देने की योजना है
नई दिल्लीः प्रमुख आइ.टी. कंपनी टेक महिंद्रा की इस साल अमरीका में 2200 लोगों को नौकरी देने की योजना है। पिछले वर्ष भी उसने यहां इतनी ही नियुक्तियां की थीं। अमरीका सरकार के देश में रोजगार बढ़ाने के आह्वान के बीच भारतीय कंपनी ने इसका एलान किया है। वर्तमान में टेक महिंद्रा के 6000 से ज्यादा कर्मचारी 400 से अधिक क्लाइंटों के लिए अमरीका में काम कर रहे हैं।
टेक महिंद्रा के प्रेसीडेंट (स्ट्रैटेजिक वर्टिकल्स) लक्ष्मणन चिदंबरम ने बताया कि बीते साल की तरह ही इस साल भी कंपनी की करीब 2200 लोगों को नियुक्त करने की योजना है। अमरीका में भर्ती की रफ्तार बढ़ाने के कारणों पर वह बोले कि अमरीका सरकार का संदेश बहुत स्पष्ट है। वह हमें यहां रोजगार के संबंध में एक बड़ी भूमिका निभाते देखना चाहती है, इसके अलावा कुछ डिजिटल प्रौद्योगिकियों पर काम किया जा रहा है जिसमें स्थानीय लोगों की आवश्यकता है। वर्तमान में टेक महिंद्रा के लिए अमरीका सबसे बड़ा बाजार है। अमरीका के 28 शहरों से कंपनी ऑपरेट करती है। उसके अमरीका में 16 डेवलपमेंट सेंटर भी हैं। दुनियाभर में कंपनी के 1.17 लाख से ज्यादा कर्मचारी हैं।