Edited By bhavita joshi,Updated: 27 Feb, 2019 09:14 AM

मुबारिकपुर-रामगढ़ सड़क पर स्थित विशाल पेपर मिल में मंगलवार सुबह भयानक आग लग गई और ऐसा दावा किया जा रहा है कि इसमें करोड़ों का कच्चा माल जलकर राख हो गया।
डेराबस्सी: मुबारिकपुर-रामगढ़ सड़क पर स्थित विशाल पेपर मिल में मंगलवार सुबह भयानक आग लग गई और ऐसा दावा किया जा रहा है कि इसमें करोड़ों का कच्चा माल जलकर राख हो गया। ट्राईसिटी की 22 फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों की ओर से हजारों लीटर पानी डालने के 22 घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। मंगलवार रात 11 बजे तक आग सुलग रही थी और उसे बुझाने के प्रयास जारी थे। डेराबस्सी फायर अफसर मनजीत सिंह के मुताबिक सुबह साढ़े तीन बजे बिजली के शार्ट-सर्किट से खुले में पड़े कच्चे माल को अचानक आग लगने की सूचना मिली थी।
तेज हवा ने खुले में पड़े माल को लगी आग में घी का काम किया। मौके पर पहुंची डेराबस्सी फायर स्टेशन की 4 गाडिय़ों की ओर से आग पर काबू न होते देख अन्य जगहों से फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मंगवानी पड़ी। 120 से अधिक गाडिय़ों से पानी डालने के बावजूद आग पर काबू पाने की कोशिश नाकाम रही। हवा की दिशा फैक्टरी के मशीनरी वाली साइड से विपरीत होने और फायर कर्मियों की मुस्तैदी से फैक्टरी में लगी मशीनरी का बचाव हो गया।
ट्रांसफार्मर में आग लगने से फैक्टरी का फायर सेफ्टी सिस्टम खराब
मिल में लगे बिजली ट्रांसफार्मर में आग लगने से फैक्टरी का फायर सेफ्टी सिस्टम खराब हो गया और कुछ ही मिनटों में आग ने भयानक रूप धारण कर लिया। मुबारिकपुर पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही वह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि हादसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है वहीं फैक्टरी प्रबंधक महेश गुप्ता मुताबिक करोड़ों रुपए का नुक्सान हुआ है।

फायर मैन झुलसा, फायर ब्रिगेड के रिफ्लैक्टर पिघले
तेज हवा के कारण खुले में लगी आग एक तरफ फैल जाती थी, जिसकी आंच से फायरमैन जगदीश कुमार झुलस गया और आग पर काबू पाने के लिए पानी का छिड़काव कर रही डेराबस्सी फायर स्टेशन की गाड़ी के रिफ्लैक्टर भी पिघल गए। यदि फायर कर्मी समय रहते गाड़ी एक तरफ ना करते तो भारी नुक्सान हो सकता था। जब आग लगी, उस समय 60-70 कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात थे। फायर अफसर मनजीत सिंह के मुताबिक जब खुले में पड़े कच्चे माल को आग लगी तो उस समय मिल के अंदर तो कर्मी काम कर रहे थे। आग की सूचना मिलते सभी बाहर आ गए और आग पर काबू करने की कोशिश की।