Edited By Sarita Thapa,Updated: 16 Nov, 2026 10:51 AM

लोक आस्था, सूर्य उपासना व प्रकृति के प्रति के छठ महापर्व के अवसर पर रविवार को सोनिया विहार ढाई पुस्ता छठ घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): लोक आस्था, सूर्य उपासना व प्रकृति के प्रति के छठ महापर्व के अवसर पर रविवार को सोनिया विहार ढाई पुस्ता छठ घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सीएम रेखा गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी उनकी पत्नी सुरभि तिवारी व दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा, जिलाध्यक्ष डॉक्टर यू के चौधरी, उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सांसद जन संपर्क व मीडिया इंचार्ज ताराचंद्र उपाध्याय समेत कई अन्य छठ घाट पहुंचे। सीएम ने मनोज तिवारी की छठ व्रती धर्मपत्नी सुरभि तिवारी व अन्य संग यमुना नदी में बने घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर समस्त दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इससे पूर्व सीएम रेखा गुप्ता ने बोट से छठ घाटों का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएम ने कहा कि दिल्ली देश के हर हिस्से से आए लोगों का अपना घर है और पूर्वांचल समाज ने अपनी मेहनत, परिश्रम और समर्पण से राजधानी के निर्माण व विकास में अहम योगदान दिया है। इसी भावना के तहत दिल्ली सरकार द्वारा यमुना के किनारे छठ महापर्व के आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की हैं। उत्तरी दिल्ली स्थित मुनक नहर पर विकसित छठ घाट जैसी पहल भी पूर्वांचल समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग और भावनाओं को सम्मान देने की दिशा में विशेष कदम है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ