Edited By Niyati Bhandari,Updated: 24 Nov, 2026 09:21 AM
Guru Nanak Dev Ji Parkash Parv 2026: 15वीं सदी के सामाजिक आडंबरों और अत्याचारों के बीच गुरु नानक देव जी ने 'किरत करो, नाम जपो, वंड छको' और नारी सम्मान का अमर संदेश दिया। जानिए गुरु जी के जीवन, चार उदासियों और समतावादी विचारों का पूरा सार।
Guru Nanak Jayanti 2026: सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी (1469-1539 ई.) के आविर्भाव के समय भारतीय समाज अनेक सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक समस्याओं से जूझ रहा था। तत्कालीन शासकों की धर्माधता, निरंकुशता और अत्याचारों के कारण समाज में अशांति, अन्याय तथा असमानता व्याप्त थी।
ऐसे समय में गुरु नानक देव जी ने अपनी अमृतमयी वाणी के माध्यम से मानवता को प्रेम, समानता, सद्भाव और सत्य का संदेश दिया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों, रूढ़ियों और आडंबरों के विरुद्ध आवाज उठाई। मानवता के मार्गदर्शन के लिए उन्होंने चार महान धर्म प्रचार यात्राएं कीं, जिन्हें 'चार उदासियां' कहा जाता है।
गुरु नानक देव जी का हृदय गरीबों, असहायों और समाज के पिछड़े वर्गों के प्रति करुणा से भरा था। उन्होंने उन लोगों को प्रेम से गले लगाया, जिन्हें समाज नीच या अछूत समझता था। उनका मानना था कि ईश्वर की कृपा वहीं बरसती है, जहां निर्धनों और कमजोरों की देखभाल होती है और मानवता की सच्ची सेवा ही ईश्वर की सच्ची भक्ति है।
उनकी समन्वयवादी विचारधारा के कारण हिंदू और मुसलमान, दोनों समुदायों के लोग उन्हें अपना गुरु और पीर मानते हैं। इसी भावना को एक शायर ने इन शब्दों में व्यक्त किया है:
"बाबा नानक शाह फकीर ! हिंदू का गुरु, मुसलमान का पीर।"
गुरु नानक देव जी ने मानव जीवन को सफल बनाने के लिए तीन प्रमुख सिद्धांत दिए, जिन्हें 'त्रिरत्न सिद्धांत' कहा जाता है। ये हैं 'किरत करो' अर्थात मेहनत और ईमानदारी से आजीविका कमाओ, 'नाम जपो' अर्थात एक ईश्वर का स्मरण करो और 'वंड छको' अर्थात अपनी कमाई को दूसरों के साथ बांटकर खाओ। इन सिद्धांतों में श्रम, भक्ति और सामाजिक समानता का संदेश समाहित है।
गुरु जी ने संसार को कर्मभूमि बताते हुए समझाया कि मनुष्य को अपने कर्मों का फल अवश्य मिलता है। उनके अनुसार जाति या धर्म से अधिक महत्त्वपूर्ण व्यक्ति के अच्छे कर्म हैं।
भाई गुरदास जी ने भी गुरु जी के विचारों को व्यक्त करते हुए लिखा है कि शुभ कर्मों के बिना हिंदू और मुसलमान, दोनों का जीवन व्यर्थ है। गुरु नानक देव जी ने सत्य को सर्वोपरि माना।
उनका संदेश था- "सचहु औरै सभु को उपरि सचु आचारु।" अर्थात सत्य से भी ऊंचा सत्य का आचरण है।
गुरु जी ने ईश्वर की रजा यानी हुक्म को स्वीकार करने और अहंकार से दूर रहने की शिक्षा दी। उनका मानना था कि ईश्वर की इच्छा को समझकर उसके अनुसार जीवन जीने वाला व्यक्ति अहंकार से मुक्त हो जाता है।
सामाजिक समानता स्थापित करने के लिए उन्होंने संगत और पंगत की परंपरा को बढ़ावा दिया। लंगर में अमीर-गरीब, ऊंच-नीच, स्त्री-पुरुष सभी एक साथ बैठकर भोजन करते थे। इस परंपरा ने सामाजिक भेदभाव को चुनौती दी और समानता का व्यावहारिक संदेश दिया।
गुरु नानक देव जी ने नारी को भी सम्मानजनक स्थान देने की शिक्षा दी। उस समय समाज में महिलाओं को कमतर समझा जाता था, लेकिन गुरु जी ने प्रश्न किया: "सो किउ मंदा आखीऐ जितु जंमहि राजान।।"
अर्थात जिस नारी ने राजाओं और महान व्यक्तियों को जन्म दिया, उसे बुरा कैसे कहा जा सकता है?
गुरु जी ने पराए धन और अधिकार को छीनने की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने हिंदुओं और मुसलमानों, दोनों को समझाया कि दूसरे का हक मारना पाप है।
उन्होंने तत्कालीन शासकों के अत्याचारों का विरोध करते हुए बाबर के आक्रमण और जनता पर हुए जुल्मों का अपनी वाणी में मार्मिक चित्रण किया। उनकी वाणी में पीड़ित मानवता के प्रति गहरी संवेदना दिखाई देती है। उन्होंने धार्मिक आडंबरों और दिखावे के बजाय सब्बे आचरण, विनम्रता और प्रेम को महत्त्व दिया। उनका संदेश था:
"मिठतु नीवी नानका गुण चंगिआईआ ततु ।।" अर्थात मधुर वाणी और विनम्रता सभी गुणों का सार हैं।
श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं थीं। उनकी वाणी में मानक्ता, भाईचारे, समानता, सत्य और विश्वबंधुत्व का संदेश समाहित है। यही कारण है कि सदियों बाद भी उनके विचार पूरी दुनिया को प्रेम, सद्भाव और मिलजुल कर रहने की प्रेरणा देते हैं।
