संकट में घिरी SpiceJet की मनमानी, जिन रूट्स पर उड़ानें बंद, वहां भी धड़ल्ले से बिक रहे टिकट

Edited By Updated: 22 Nov, 2026 08:17 AM

arbitrary practices at crisis hit spicejet

गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही बजट एयरलाइन स्पाइसजेट की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विमान ईंधन की ऊंची कीमतों, घटते विमानों के बेड़े और नियामक संस्थाओं की सख्ती के बीच कंपनी की उड़ानें लगातार रद्द या लेट हो रही हैं।

नई दिल्ली। गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही बजट एयरलाइन स्पाइसजेट की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विमान ईंधन की ऊंची कीमतों, घटते विमानों के बेड़े और नियामक संस्थाओं की सख्ती के बीच कंपनी की उड़ानें लगातार रद्द या लेट हो रही हैं। हैरानी की बात यह है कि इसके बावजूद एयरलाइन अपनी वेबसाइट पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बिना किसी चेतावनी के टिकटों की बुकिंग जारी रखे हुए है यहां तक कि उन रूट्स पर भी जहां वह फिलहाल उड़ान भरने में असमर्थ है।

दुबई एयरपोर्ट पर सर्विस बंद, फिर भी धड़ल्ले से बिक रहे टिकट
'इंडिया टुडे डिजिटल' ने शनिवार को स्पाइसजेट की वेबसाइट पर टिकट बुक करने की कोशिश की तो चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। 24 नवंबर के लिए दिल्ली-दुबई फ्लाइट (SG 603/5060) का टिकट 30,284 रुपये में उपलब्ध था और बुकिंग की प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के सीधे पेमेंट पेज तक पहुंच गई। इस दौरान वेबसाइट पर कहीं भी उड़ान में देरी या रद्द होने को लेकर कोई चेतावनी नहीं दिखाई गई। यह मामला इसलिए बेहद गंभीर है क्योंकि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने ग्राउंड-हैंडलिंग कंपनी 'डनाटा' के करीब 35.8 करोड़ रुपए के बकाया भुगतान न होने के कारण 12 नवंबर से ही स्पाइसजेट की चेक-इन सेवाएं निलंबित कर रखी हैं। इसके चलते दुबई से दिल्ली, मुंबई, अमृतसर और जयपुर की कई उड़ानें लगातार रद्द हो रही हैं। मुंबई-दुबई फ्लाइट (SG-5060) पिछले एक हफ्ते से उड़ान नहीं भर रही है, फिर भी इसके टिकट वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

घरेलू उड़ानों का भी बुरा हाल, एयरपोर्ट पर फूट रहा यात्रियों का गुस्सा
अंतरराष्ट्रीय के साथ-साथ घरेलू रूट्स पर भी स्पाइसजेट की सेवाएं चरमरा गई हैं। 19 से 21 नवंबर के बीच दिल्ली-मुंबई रूट पर दोनों तरफ से कम से कम 8-8 उड़ानें रद्द की गईं, फिर भी 23 नवंबर और उसके बाद की तारीखों के लिए बिना किसी चेतावनी के बुकिंग ली जा रही है। लगातार हो रही देरी और उड़ानों के रद्द होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों का सब्र टूट रहा है। 19 नवंबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दिल्ली-मुंबई फ्लाइट (SG 603) घंटों की देरी के बाद रद्द कर दी गई, जिसके बाद नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के खिलाफ 'चोर-चोर' के नारे लगाए। एक अन्य घटना में देरी से परेशान यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारी के बीच तीखी बहस हुई, जहां कर्मचारी ने कथित तौर पर यात्री को "बाहर मिल, फिर बताता हूं" तक कह दिया।

दिवाली से पहले बेंगलुरु से दिल्ली आ रहे एक यात्री ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि सस्ते टिकट के चक्कर में उन्होंने स्पाइसजेट बुक किया था, लेकिन सुबह 11 बजे की फ्लाइट 11 घंटे की देरी से रात 10 बजे उड़ी और एयरलाइन ने इसकी जानकारी उड़ान से महज एक घंटा पहले दी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी दर्जनों यात्री शिकायत कर रहे हैं कि फ्लाइट रद्द होने के 20 दिन बाद भी उन्हें रिफंड नहीं मिला है।

सिर्फ 5 विमान ही उड़ान भरने लायक, DGCA ने भेजा नोटिस
स्पाइसजेट के परिचालन संकट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कागजों पर करीब 50 विमानों का बेड़ा रखने वाली इस कंपनी के पास फिलहाल सिर्फ 5 विमान ही उड़ान भरने की स्थिति में हैं। इसका असर बाजार हिस्सेदारी पर भी पड़ा है, जो जनवरी 2026 के 3.9% से गिरकर सितंबर में महज 0.6% रह गई है। यात्रियों की बढ़ती परेशानियों और नियमों की अनदेखी को देखते हुए विमानन नियामक DGCA ने 17 नवंबर को स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिनों में जवाब मांगा है। DGCA ने खराब समयबद्धता, अधिकतर विमानों के जमीन पर खड़े रहने, विदेशी कंपनियों का बकाया न चुकाने और पुराने जुर्माने का भुगतान न करने जैसे 8 गंभीर मुद्दों पर कंपनी को घेरा है।

पायलट संगठन ने जताई सुरक्षा की चिंता
इस बीच, एयरलाइन पायलट एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने चेतावनी दी है कि स्पाइसजेट की खराब आर्थिक स्थिति का सीधा असर उड़ान सुरक्षा और विमानों के रखरखाव पर पड़ सकता है। संगठन के अध्यक्ष सैम थॉमस ने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है और स्पेयर पार्ट्स व मेंटेनेंस कंपनियों को भुगतान न होने से सुरक्षा मानकों से समझौता होने का खतरा है। उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA से इस मामले में दखल देने की मांग की है।

दूसरी ओर, आर्थिक संकट से उबरने के लिए स्पाइसजेट के बोर्ड ने 18 नवंबर को विभिन्न वित्तीय माध्यमों से 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है, हालांकि यह राशि अभी जुटाई नहीं जा सकी है। पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने भी इस संकट पर चिंता जताते हुए कहा कि विमानन क्षेत्र में यात्रियों को बेहतर सुविधा और उचित किराए के लिए मजबूत प्रतिस्पर्धा जरूरी है, और उड़ान रद्द होने पर यात्रियों को समय पर जानकारी व मदद मिलनी ही चाहिए।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!