Edited By Pardeep,Updated: 22 Nov, 2026 10:49 PM

खाद्य नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी है। कंपनी के बोतलबंद पानी का नमूना जांच में असुरक्षित पाया गया था। एफएसएसएआई ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह...
नई दिल्लीः खाद्य नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी है। कंपनी के बोतलबंद पानी का नमूना जांच में असुरक्षित पाया गया था। एफएसएसएआई ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। नियामक ने जांच के लिए बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से 'पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (मिनरल वाटर को छोड़कर)' का नमूना लिया था।
एफएसएसएआई ने कहा कि नमूना ब्रोमेट की निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए दूसरी खाद्य प्रयोगशाला में भेजा गया। इस प्रयोगशाला ने भी उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) पाए जाने के कारण उसे असुरक्षित घोषित किया। नियामक ने कहा कि प्रयोगशाला की जांच में कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। इसके आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी गई है।
एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया पोस्ट में वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी सहित कुछ अन्य कंपनियों के खिलाफ भी अभियोजन की मंजूरी देने की जानकारी दी।
नियामक ने नियमों का पालन नहीं करने पर उर्मी लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। एफएसएसएआई ने आशा कन्फेक्शनरी को उत्पाद वापस लेने का आदेश भी दिया है। कंपनी को उसके 'प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज' बाजार से वापस लेने को कहा गया है, क्योंकि जांच में ये असुरक्षित पाए गए थे। इस कैलेंडर वर्ष में एफएसएसएआई ने खाद्य कारोबार करने वाली कंपनियों और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई तेज की है।