Edited By Niyati Bhandari,Updated: 23 Nov, 2026 09:29 AM

Vaikunth Chaturdashi Katha: वैकुंठ चतुर्दशी पर जानिए हरि-हर मिलन की पावन कथा। शिव पूजन में एक कमल कम पड़ने पर कैसे श्रीहरि ने अपनी आंख अर्पित की और महादेव से पाया सुदर्शन चक्र। पढ़ें मोक्ष देने वाला यह खास प्रसंग।
Vaikunth Chaturdashi Katha: सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा से ठीक एक दिन पहले मनाई जाने वाली वैकुंठ चतुर्दशी का अत्यंत धार्मिक महत्व है। यह पवित्र तिथि 'हरि-हर मिलन' यानी सृष्टि के पालनहार भगवान विष्णु और देवाधिदेव महादेव के अलौकिक मिलन की प्रतीक मानी जाती है। इस दिन श्रद्धालु एक साथ भगवान विष्णु और शिव जी की संयुक्त आराधना कर अक्षय पुण्य अर्जित करते हैं। विशेष रूप से काशी (वाराणसी) और उज्जैन में इस पर्व की भव्य और अलौकिक छटा देखने को मिलती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस पावन दिन पर स्वयं महादेव के वरदान से वैकुंठ धाम के द्वार खुले रहते हैं। लेकिन इस परंपरा की शुरुआत कैसे हुई और इसके पीछे कौन-सी दिव्य लीला छिपी है? आइए जानते हैं इससे जुड़ी दो अति-दुर्लभ पौराणिक कथाएं।
हरि हर मिलन की कथा
पौराणिक कथाओं के अनुसार, एक बार भगवान विष्णु काशी (वाराणसी) पधारे और देवाधिदेव महादेव का पूजन करने का निश्चय किया। उन्होंने मणिकर्णिका घाट पर पवित्र गंगा में स्नान किया और एक हजार कमल पुष्पों से भगवान विश्वनाथ की आराधना का संकल्प लिया।
जब वे पूजन कर रहे थे, तो भगवान शिव ने विष्णु जी की भक्ति की परीक्षा लेने के लिए एक कमल पुष्प छिपा लिया। भगवान विष्णु ने देखा कि अब उनके पास केवल 999 कमल रह गए हैं। उन्होंने सोचा, “मेरी आंखें भी तो कमल के समान हैं। मुझे कमलनयन और पुंडरीकाक्ष कहा जाता है, इसलिए मैं अपनी आंख से ही पूजन पूरा करूंगा।”

यह विचार कर उन्होंने अपनी एक आंख भगवान शिव को अर्पित करने का संकल्प किया। जैसे ही वे अपनी आंख निकालने लगे, महादेव स्वयं प्रकट हो गए और विष्णु जी की भक्ति से अत्यंत प्रसन्न हुए।
भगवान शिव ने विष्णु से कहा, “हे विष्णु! आपके समान भक्त संसार में कोई नहीं। आपकी भक्ति से मैं अत्यंत प्रसन्न हूं। आज के दिन से यह चतुर्दशी ‘वैकुण्ठ चतुर्दशी’ के नाम से प्रसिद्ध होगी। जो भक्त इस दिन व्रत रखकर पहले आपका और फिर मेरा पूजन करेगा, उसे वैकुण्ठ लोक की प्राप्ति होगी।”
इसके बाद भगवान शिव ने विष्णु को करोड़ों सूर्यों की कांति से दीप्त सुदर्शन चक्र प्रदान किया और उन्हें अमिट कीर्ति का आशीर्वाद दिया।

नारद जी की कथा
नारद जी वीणा बजाते हुए नारायण-नारायण बोलते हुए बैकुंठ धाम पंहुचते हैं। भगवान श्री हरि विष्णु उनको सम्मानपूर्वक आसन देते हैं और आने का कारण पूछते हैं।
नारद जी कहते हैं, "हे प्रभु! मैं पृथ्वी लोक से आ रहा हूं। आपका नाम कृपानिधान है, इस नाम को लेने वाला भवसागर से पार पाता है लेकिन सामान्य नर-नारी कैसे भक्ति कर मुक्ति पा सकते हैं।"

श्री हरि ने कहा," कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी वैकुण्ठ चतुर्दशी के नाम से जानी जाएगी। इस दिन जो कोई नियम से व्रत और पूजन करेगा, उनके लिए स्वर्ग के द्वार सदा खुले रहेंगे। मरणोपरांत वह बैकुंठ धाम को प्राप्त करेगा।
उन्होंने अपने द्वारपाल जय-विजय को आदेश देते हुए कहा कार्तिक चतुर्दशी को स्वर्ग के द्वार खुले रहेंगे।
