Edited By Sarita Thapa,Updated: 14 Nov, 2026 11:02 AM

आईटीओ स्थित हाथी घाट (छठ घाट) का जल्द ही कायाकल्प होगा। दिल्ली सरकार इसे छठ पूजा के प्रमुख केंद्र के साथ वर्ल्ड क्लास रिवरफ्रंट के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है।
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): आईटीओ स्थित हाथी घाट (छठ घाट) का जल्द ही कायाकल्प होगा। दिल्ली सरकार इसे छठ पूजा के प्रमुख केंद्र के साथ वर्ल्ड क्लास रिवरफ्रंट के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है। लोक निर्माण विभाग ने इसके मद्देनजर व्यापक योजना तैयार करने के लिए आर्किटेक्चरल और इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सेवा हायर करने के लिए टेंडर जारी किया है। पीडब्ल्यूडी ने कंसल्टेंसी के काम के लिए 15 लाख रूपए का अनुमान लगाया है। टेंडर में 12 महीने की समय-सीमा तय की गई है, जिसमें कंसल्टेंसी के लिए 2 महीने, टेंडर प्रक्रिया के लिए 2 महीने और निर्माण चरण की देखरेख के लिए 8 महीने शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार यमुना किनारे लगभग 5 एकड़ में फैले इस प्रस्तावित विकास कार्य में सुंदर बगीचे, सीढ़ीदार घाट, टहलने के रास्ते, मंडप और आगंतुकों व श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं शामिल होंगी। यह परियोजना लगभग 20,234 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली होगी, जिसमें लगभग 200-300 मीटर लंबा रिवरफ्रंट शामिल होगा। अधिकारियों का कहना है कि इसका उद्देश्य इस जगह को एक विशिष्ट सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान देना है और साथ ही इसे आम जनता के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाना है।
छठ पूजा के प्रमुख स्थल होने के साथ इस घाट पर अन्य धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन की भी उम्मीद है। चयनित सलाहकार को पूरे क्षेत्र का विस्तृत अध्ययन कर विभाग के निर्देशों के अनुसार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करनी है। इस योजना में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं पर काफी जोर दिया गया है। खासकर छठ पूजा के दौरान जब नदी के किनारे भारी भीड़ जमा होती है। इसमें पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, दिव्यांगों के अनुकूल शौचालय, चेंजिंग रूम, पीने के पानी की सुविधा, छायादार वेटिंग एरिया और आगंतुकों के लिए जानकारी देने वाले साइनबोर्ड लगाने का प्रस्ताव है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ