40 साल बाद फिर श्री वल्लभाचार्य की जन्मभूमि चंपारण पहुंचे मोरारी बापू, रामकथा में गूंजा कृष्ण भक्ति का संदेश

Edited By Updated: 19 Nov, 2026 05:11 PM

morari bapu champaran ram katha 2026

भारत के प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा को आगे बढ़ाते हुए, प्रख्यात आध्यात्मिक संत एवं रामचरितमानस के मर्मज्ञ पूज्य मोरारी बापू के नेतृत्व में भारत स्वस्तिक यात्रा 19 नवंबर को छत्तीसगढ़ के चंपारण पहुंची।

Morari Bapu Champaran Ram Katha 2026 : भारत के प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा को आगे बढ़ाते हुए, प्रख्यात आध्यात्मिक संत एवं रामचरितमानस के मर्मज्ञ पूज्य मोरारी बापू के नेतृत्व में भारत स्वस्तिक यात्रा 19 नवंबर को छत्तीसगढ़ के चंपारण पहुंची। इस महत्वपूर्ण तीर्थस्थल पर यात्रा के आगमन के अवसर पर बापू की रामकथा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक विरासत और भारत की आध्यात्मिक परंपराओं में इसके विशेष स्थान को रेखांकित किया गया। यात्रा का दूसरा चरण 14 नवंबर को द्वारका से प्रारंभ हुआ था। इस चरण में यात्रा सोमनाथ, डाकोर, उज्जैन, नागपुर, चंपारण, मायापुर और कोलकाता से होते हुए 22 नवंबर को जगन्नाथ पुरी में संपन्न होगी। भारत स्वस्तिक यात्रा के दूसरे चरण में लगभग 1,000 श्रद्धालु पूज्य मोरारी बापू के साथ दो विशेष ट्रेनों- कैलाश भारत गौरव और चित्रकूट भारत गौरव  से यात्रा कर रहे हैं। इन ट्रेनों में क्रमशः 22 और 16 कोच हैं। पूज्य मोरारी बापू ने कहा, “चंपारण आना लगभग 40 वर्ष पुरानी यादों को ताजा कर देता है। मुझे पहले भी यहाँ दो बार रामकथा करने का सौभाग्य मिला है और इस भूमि पर दोबारा आना उन पुरानी स्मृतियों को फिर से जीने जैसा है। चंपारण का स्वस्तिक चार सुंदर शब्दों में समाहित है- ‘श्री कृष्ण शरणं ममः’। आध्यात्मिक प्रवचनों में हम अक्सर ‘अन्य आश्रय’ शब्द का प्रयोग करते हैं। लेकिन मेरी समझ से इसका वास्तविक भाव ‘अनन्य आश्रय’ है अर्थात किसी अन्य सहारे की अपेक्षा किए बिना, एक ही परमात्मा के प्रति पूर्ण और अटूट श्रद्धा एवं समर्पण।”

संतकृपा सनातन संस्थान द्वारा आयोजित भारत स्वस्तिक यात्रा, सनातन धर्म के आदर्शों के माध्यम से भारत के पवित्र भूगोल और विविध सांस्कृतिक परंपराओं को आपस में जोड़ने की एक पहल है। भारत स्वस्तिक यात्रा में चंपारण को शामिल किए जाने के महत्व पर बात करते हुए मदन पालीवाल, चेयरमैन, मिराज ग्रुप एवं मैनेजिंग ट्रस्टी, संतकृपा सनातन संस्थान ने कहा, “इस यात्रा का प्रत्येक पड़ाव भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के एक अलग पहलू का प्रतिनिधित्व करता है। चंपारण भारत की आध्यात्मिक विरासत में विशेष स्थान रखता है, क्योंकि यह श्री वल्लभाचार्य महाप्रभु की जन्मस्थली है। उनके उपदेशों ने पुष्टिमार्ग के माध्यम से कृष्ण भक्ति की परंपरा को एक विशिष्ट दिशा प्रदान की। इस यात्रा का प्रत्येक पड़ाव भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के एक अलग स्वरूप को सामने लाता है।”

रायपुर से लगभग 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित चंपारण का भारत के आध्यात्मिक एवं धार्मिक इतिहास में विशेष महत्व है। यह 15वीं शताब्दी के महान दार्शनिक एवं पुष्टिमार्ग संप्रदाय के संस्थापक श्री वल्लभाचार्य महाप्रभु की जन्मस्थली है। भगवान श्रीकृष्ण के प्रति भक्ति, निःस्वार्थ सेवा और पूर्ण समर्पण पर आधारित उनकी शिक्षाओं ने देशभर में वैष्णव भक्ति आंदोलन को आकार देने और उसके प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चंपारण स्थित श्री वल्लभाचार्य प्राकट्य स्थल आज भी देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों को आकर्षित करता है, विशेषकर पुष्टिमार्ग परंपरा के अनुयायियों को। यह नगर चंपकेश्वर महादेव मंदिर के लिए भी जाना जाता है, जो इसके धार्मिक महत्व को और बढ़ाता है।

यात्रा के दोनों चरण - कन्याकुमारी से केदारनाथ और द्वारका से जगन्नाथ पुरी तक भारत के 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को समाहित करते हैं। यह यात्रा विभिन्न आध्यात्मिक परंपराओं, ऐतिहासिक स्थलों और नदी प्रणालियों से जुड़े क्षेत्रों को एक सूत्र में पिरोती है तथा देश की भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता को दर्शाती है। इस यात्रा का मार्ग भारत के राष्ट्रगान जन गण मन की भावना से भी जुड़ता है, जिसमें पंजाब, गुजरात, मराठा, द्रविड़, उत्कल और बंग जैसे देश के विविध क्षेत्रों के साथ गंगा और यमुना, हिमालय तथा महासागर का उल्लेख है। यात्रा के दौरान देश की कई अन्य नदियों से जुड़े क्षेत्रों से होकर गुजरना भारत के प्राकृतिक और सांस्कृतिक परिदृश्यों के आपसी जुड़ाव को भी रेखांकित करता है। पूज्य मोरारी बापू के लिए, जिनकी रामकथाओं का मूल आधार सत्य, प्रेम और करुणा है, यह यात्रा इन्हीं शाश्वत मूल्यों की अभिव्यक्ति है। इसके माध्यम से आध्यात्मिकता और साझा विरासत के जरिए लोगों और समुदायों को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा के दौरान आयोजित रामकथा और अन्य सभी कार्यक्रम निःशुल्क हैं तथा सभी के लिए खुले हैं। प्रत्येक पड़ाव पर भंडारे के रूप में शाकाहारी सामुदायिक भोजन प्रसाद के तौर पर आयोजित किया जाता है।

मोरारी बापू के बारे में
मोरारी बापू का जन्म वर्ष 1946 में महाशिवरात्रि के दिन हुआ था। वे पिछले 65 वर्षों से अधिक समय से रामकथा का वाचन कर रहे हैं। मात्र 14 वर्ष की आयु में गुजरात के एक गाँव में पेड़ के नीचे उन्होंने अपनी कथा यात्रा प्रारंभ की थी। उन्हें उनके दादा एवं गुरु त्रिभुवनदास जी ने रामचरितमानस की दीक्षा दी थी। वैदिक सनातन धर्म, जिसे लोकप्रिय रूप से हिंदू सनातन धर्म के नाम से जाना जाता है, से प्रेरित बापू की कथाओं में विश्व शांति, सत्य, प्रेम और करुणा के सार्वभौमिक संदेश पर विशेष बल दिया जाता है। उनकी कथाओं में सभी क्षेत्रों, जातियों और संप्रदायों के लोग शामिल होते हैं।

पिछले कई दशकों में मोरारी बापू भारत और विश्व के अनेक शहरों एवं तीर्थस्थलों में 960 से अधिक रामकथाएँ कर चुके हैं। इनमें श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका, केन्या, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्राजील, ऑस्ट्रेलिया, इजरायल और जापान जैसे देश शामिल हैं। उनकी कथाओं में लाखों श्रद्धालु सम्मिलित हो चुके हैं। उन्होंने ट्रेन से यात्रा करते हुए भारत के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों में रामकथा की है। इसके अतिरिक्त, न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय और हार्वर्ड विश्वविद्यालय में भी ऐतिहासिक रामकथा आयोजनों का संचालन किया है।  उन्होंने विश्व भ्रमण के दौरान एक जहाज और विमान में भी रामकथा की है। पारंपरिक स्थलों से आगे बढ़कर बापू ने वंचित समुदायों के लिए भी रामकथाओं का आयोजन किया है, जिनमें यौनकर्मी और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग शामिल हैं। इसके साथ ही वे विश्वभर में आपदाग्रस्त क्षेत्रों में मानवीय सहायता के कार्यों से भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। इनमें युद्ध प्रभावित यूक्रेन और इजरायल जैसे क्षेत्र भी शामिल हैं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!