Edited By Sarita Thapa,Updated: 08 Oct, 2026 12:19 PM

दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने नवरात्र के दौरान रामलीला स्थलों एवं मंदिरों के आसपास विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस संबंध में निगम आयुक्त को पत्र लिखकर कहा कि त्योहारों में सभी जोन में...
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने नवरात्र के दौरान रामलीला स्थलों एवं मंदिरों के आसपास विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस संबंध में निगम आयुक्त को पत्र लिखकर कहा कि त्योहारों में सभी जोन में विशेष सफाई अभियान चलाए जाए।
शर्मा ने सभी क्षेत्रीय उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार में स्थित रामलीला स्थलों एवं मंदिरों का निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। रामलीला स्थलों, मंदिरों एवं उनके आसपास नियमित सफाई कराई जाए। सत्या शर्मा ने कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान रखने तथा कूड़े-कचरे का नियमित एवं समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। और आयोजन स्थलों के आसपास स्वच्छ वातावरण बना रहे।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने मच्छरों एवं अन्य कीटों की रोकथाम के लिए रामलीला स्थलों, मंदिरों एवं आसपास के क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार एंटी-लार्वा दवाइयों का छिड़काव एवं फॉगिंग कराने के भी निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने नवरात्र के दौरान मंदिरों के आसपास मांस की दुकानों को अनिवार्य रूप से बंद रखने के निर्देश दिए जाए। सत्या शर्मा ने संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों को नवरात्र के दौरान रामलीला आयोजन स्थलों का नियमित निरीक्षण कर सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा है।