Edited By Prachi Sharma,Updated: 12 Nov, 2026 04:42 PM

मध्य प्रदेश के इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले पंजाबी अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम धमाके की धमकी देने वाले कई फर्जी ईमेल में से एक, पास के देवास शहर के एक निवासी का अकाउंट हैक करके भेजा गया था। पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी...
Diljit Dosanjh Indore Concert : मध्य प्रदेश के इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले पंजाबी अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम धमाके की धमकी देने वाले कई फर्जी ईमेल में से एक, पास के देवास शहर के एक निवासी का अकाउंट हैक करके भेजा गया था। पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (DCP) राजेश दंडोतिया ने पत्रकारों को बताया कि कुछ दिन पहले शहर के तीन निजी स्कूलों और मेयर कार्यालय को अलग-अलग ईमेल अकाउंट से दोसांझ के कॉन्सर्ट के बारे में बम की धमकियां मिली थीं। गहन जांच के बाद ये धमकियां फर्जी पाई गईं।
अतिरिक्त DCP ने बताया कि इनमें से एक ईमेल देवास के रहने वाले निखिल गुप्ता के अकाउंट से भेजा गया था। उनका यह अकाउंट इस साल मार्च या अप्रैल में हैक हो गया था और वे इसे वापस पाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि गुप्ता एक निजी कंपनी में काम करते हैं।
दंडोतिया ने बताया, "इस ईमेल अकाउंट के लॉगिन रिकॉर्ड की जांच करने पर अमेरिका का एक संदिग्ध IP एड्रेस सामने आया है। जांच में यह भी पता चला है कि इस IP एड्रेस का इस्तेमाल VPN (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) के जरिए किया गया था। गुप्ता का बयान दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अकाउंट हैक होने और इसके पीछे शामिल लोगों की जांच चल रही है। अतिरिक्त DCP ने बताया कि कॉन्सर्ट के आयोजकों की ओर से पुलिस अनुमति के लिए दिए गए आवेदन पर विचार किया जा रहा है।