Edited By Prachi Sharma,Updated: 16 Nov, 2026 02:36 PM

एक्टर हर्षवर्धन राणे को हाल ही में प्रोड्यूसर दीपक मुकुट से एक लग्जरी 'रेंज रोवर' कार गिफ्ट में मिली है। इसके बाद, हर्षवर्धन ने उनसे अपनी 2016 की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'सनम तेरी कसम' के सीक्वल को लेकर एक खास गुजारिश की है।
Harshvardhan Rane Range Rover : एक्टर हर्षवर्धन राणे को हाल ही में प्रोड्यूसर दीपक मुकुट से एक लग्जरी 'रेंज रोवर' कार गिफ्ट में मिली है। इसके बाद, हर्षवर्धन ने उनसे अपनी 2016 की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'सनम तेरी कसम' के सीक्वल को लेकर एक खास गुजारिश की है।
इंस्टाग्राम पर हर्षवर्धन ने दीपक मुकुट की तारीफ करते हुए कहा कि वे अपनी बात के पक्के इंसान हैं। उन्होंने इच्छा जताई कि अगले महीने अपने जन्मदिन पर वे फैंस के साथ प्रोड्यूसर के ऑफिस जाएंगे और 'सनम तेरी कसम 2' के लिए उनकी मंजूरी मांगेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म की स्क्रिप्ट और डायरेक्टर का चुनाव भी दीपक मुकुट ही कर सकते हैं।
उन्होंने कार के पास खड़े होकर अपनी और दीपक मुकुट की एक फोटो शेयर की और लिखा: "दीपक सर, मैंने कई वादे देखे हैं, लेकिन आप सबसे अलग हैं। आप सच में अपनी बात के पक्के इंसान हैं। सर, पिछले साल जिस तरह मैं आपके ऑफिस के बाहर फैंस के साथ खड़ा होकर 'सनम तेरी कसम' को फिर से रिलीज करने की मांग कर रहा था, ठीक उसी तरह अगले महीने अपने जन्मदिन पर मैं फिर से आपके पास आऊंगा।" "इस बार एक ही गुजारिश है: 'सनम तेरी कसम 2' के लिए आपकी मंजूरी। स्क्रिप्ट और डायरेक्टर आपकी पसंद के हों गे! क्या आप मुझे और मेरे फैंस को जन्मदिन का यह तोहफा देंगे, सर? (दोस्तों, चलिए @sohamrockstrent को टैग करना शुरू करते हैं!) 'सनम तेरी कसम' का निर्देशन राधिका राव और विनय सप्रू ने किया है।
इस फिल्म से हर्षवर्धन राणे और मावरा होकेन ने हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया था। फिल्म में अनुराग सिन्हा, मनीष चौधरी, मुरली शर्मा और सुदेश बेरी भी अहम भूमिकाओं में हैं।
यह फिल्म शिव-सती की पौराणिक कथा और एरिक सेगल के नॉवेल 'लव स्टोरी' का एक आधुनिक रूपांतरण है। इसमें एक सख्त स्वभाव वाले पूर्व कैदी, इंदर और एक लाइब्रेरियन, सारू की कहानी दिखाई गई है। दोनों को प्यार हो जाता है और वे शादी कर लेते हैं, लेकिन एक दुखद घटना उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल देती है। 'सनम तेरी कसम' 5 फरवरी 2016 को इरोज इंटरनेशनल के बैनर तले दुनिया भर में रिलीज हुई थी। आलोचकों से इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली और अपनी पहली रिलीज के समय यह व्यावसायिक रूप से असफल रही लेकिन समय के साथ यह एक 'कल्ट' फ़िल्म बन गई।