Exclusive Interview: अभिनय करते समय कलाकार दूसरों की राय के बारे में नहीं सोचते- राहुल बोस

Edited By Updated: 09 Nov, 2026 03:14 PM

rahul bose exclusive interview with punjab kesari

राहुल बोस ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश...

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘उड़ता तीर’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। जासूसी और रोमांच से भरपूर इस फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो पाकिस्तान का रहने वाला है, लेकिन भारत में रहकर जासूसी करता है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के साथ राहुल बोस भी एक अहम किरदार निभाते नजर आ रहे हैं। अपने दमदार अभिनय से राहुल बोस ने फिल्म की कहानी को और दिलचस्प बनाया है। फिल्म में अपने किरदार को निभाने की तैयारी, कहानी के अलग-अलग पहलुओं और साथी कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव पर उन्होंने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं बातचीत के कुछ अंश...

सवाल: जब आपको फिल्म की स्क्रिप्ट सुनाई गई, तो सबसे पहले आपके मन में क्या ख्याल आया और किस बात ने आपको फिल्म के लिए हां कहने पर मजबूर किया?

जवाब: मुझे कहानी काफी अच्छी और रोमांचक लगी। मुझे लगा कि किसी मुद्दे को व्यंग्य और हास्य के जरिए पेश करने का यह एक अलग तरीका है। कहानी कहने का अंदाज मुझे पसंद आया और इसी वजह से मैंने फिल्म के लिए हां कहा।

सवाल: आयुष्मान खुराना अपनी अलग तरह की कॉमेडी और किरदारों के लिए जाने जाते हैं। उनके साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?

जवाब: आयुष्मान के साथ काम करना बहुत आसान रहा। वह बेहद फोकस्ड, गर्मजोशी से भरे और मिलनसार इंसान हैं। उनका व्यवहार बहुत सहज है। वह सभी के साथ हंसी-मजाक करते हुए सकारात्मक माहौल में काम करते हैं। इसके अलावा वह बहुत अच्छे अभिनेता हैं, इसलिए उनके साथ काम करना हमेशा खुशी की बात होती है।

सवाल: फिल्म में कॉमेडी के साथ कई दिलचस्प मोड़ भी देखने को मिलते हैं। आपके हिसाब से कॉमेडी करना ज्यादा मुश्किल है या गंभीर किरदार निभाना?

जवाब: दोनों ही मुश्किल भी हो सकते हैं और आसान भी। यह पूरी तरह आपकी काबिलियत पर निर्भर करता है। अगर आपमें प्रतिभा है तो अभिनय आपके लिए मजेदार, रोमांचक और चुनौतीपूर्ण अनुभव बन जाता है। इससे आपको खुशी भी मिलती है। लेकिन अगर आपके अंदर वह प्रतिभा नहीं है तो अभिनय आपके लिए काफी मुश्किल हो सकता है। कई बार कलाकार के चेहरे से ही समझ आ जाता है कि वह अपने काम को लेकर सहज है या उसे यह सब किसी परेशानी की तरह लग रहा है।

सवाल: आपने अपने करियर में कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। क्या कभी ऐसा हुआ कि किसी किरदार ने आपको मानसिक या भावनात्मक रूप से काफी प्रभावित किया हो?

जवाब: कभी नहीं। किसी किरदार को सही तरीके से निभाने के लिए जरूरी है कि आप हर समय उसी किरदार में न रहें। अगर आप लगातार उसी किरदार में बने रहेंगे, तो वास्तविकता का एहसास खत्म हो जाएगा। उदाहरण के लिए, अगर किसी के हाथ में चाकू घोंप दिया जाए और उसे लंबे समय तक वहीं रहने दिया जाए, तो कुछ समय बाद वह उस दर्द का आदी हो जाएगा। इसलिए उस दर्द और तकलीफ को महसूस करने के लिए उस अनुभव से बाहर आना और फिर उसमें लौटना जरूरी है। एक फिल्म के दौरान कलाकार को किरदार के अंदर और बाहर आते रहना चाहिए। इससे आप किरदार को ताजगी के साथ निभा पाते हैं और उसे अपने साथ घर नहीं ले जाते। इसलिए किसी किरदार ने मुझे कभी व्यक्तिगत रूप से प्रभावित नहीं किया।

सवाल: आजकल फिल्मों में कॉमेडी के नाम पर कई बार सिर्फ डायलॉगबाजी देखने को मिलती है। आपके हिसाब से एक अच्छी कॉमेडी फिल्म की सबसे बड़ी खासियत क्या होती है?

जवाब: अच्छी कॉमेडी की शुरुआत सिचुएशन से होती है। जब कोई स्थिति इस तरह बनाई जाती है कि दर्शक उसके अगले पल का अंदाजा लगाकर ही हंसने लगें, तो वह कॉमेडी का सबसे अच्छा हिस्सा होता है। इसके बाद राइटिंग और डायलॉग्स की बारी आती है। आखिर में कॉमेडी की टाइमिंग बहुत मायने रखती है। मेरे हिसाब से सिचुएशन, अच्छी राइटिंग और सही टाइमिंग, ये तीनों चीजें एक अच्छी कॉमेडी के लिए बेहद जरूरी हैं।

सवाल: आज के दौर में जब ओटीटी और सिनेमाघरों के बीच दर्शकों की पसंद बदल रही है तो आपके हिसाब से किसी फिल्म को लंबे समय तक यादगार बनाने के लिए सबसे जरूरी चीज क्या है?

जवाब: सबसे जरूरी चीज कहानी और उसकी स्क्रिप्ट यानी स्क्रीनप्ले है। अगर इनमें दम नहीं होगा तो कोई भी फिल्म लंबे समय तक यादगार नहीं बन सकती। आपने कई ऐसी फिल्में देखी होंगी, जिनके कलाकारों या निर्देशक का नाम शायद लोगों को याद न हो, लेकिन उनकी कहानी जरूर याद रहती है। इसलिए मेरे हिसाब से सबसे महत्वपूर्ण चीज लेखन है। अच्छी कहानी और मजबूत स्क्रीनप्ले ही किसी फिल्म को यादगार बनाते हैं।

सवाल: आजकल दर्शक सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर तुरंत अपनी राय बना लेते हैं। क्या आपको लगता है कि इससे कलाकारों पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव बढ़ा है?

जवाब: मुझे नहीं लगता कि शूटिंग के दौरान कोई अभिनेता इस बारे में सोचता है कि सोशल मीडिया पर लोग उसके काम को लेकर क्या कहेंगे। जब कोई कलाकार सेट पर आता है तो उसकी जिम्मेदारी होती है कि उसे जो किरदार दिया गया है उसे पूरी ईमानदारी से निभाए और निर्देशक को अपने काम से संतुष्ट करे। मेरा मानना है कि अभिनय करते समय कलाकारों के दिमाग में दूसरों की राय नहीं चलती।

सवाल: आपके आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में बताइए।

जवाब: मैं अगले महीने से एक्सेल के साथ एक ओटीटी सीरीज पर काम शुरू करने जा रहा हूं। इसके अलावा एक बंगाली फिल्म भी कर रहा हूं जो एक लव स्टोरी है। साथ ही मैं अपनी एक स्क्रिप्ट भी लिख रहा हूं जिसे अगले साल निर्देशित करना चाहता हूं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!