Edited By Prachi Sharma,Updated: 08 Nov, 2026 10:19 AM

रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म रामायण बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में, फिल्म के मेकर्स ने उन लोगों को कड़ी चेतावनी दी है जो सिनेमा हॉल में फिल्म की रिकॉर्डिंग करते हैं और उसे ऑनलाइन शेयर करते हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक X हैंडल पर कहा...
Ramayana Movie Piracy : रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म रामायण बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में, फिल्म के मेकर्स ने उन लोगों को कड़ी चेतावनी दी है जो सिनेमा हॉल में फिल्म की रिकॉर्डिंग करते हैं और उसे ऑनलाइन शेयर करते हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक X हैंडल पर कहा कि ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट पर लिखा, "हमारे संज्ञान में आया है कि 'नमित मल्होत्रा की रामायण' की अनधिकृत फुटेज सिनेमा हॉल के अंदर रिकॉर्ड की जा रही है और सोशल मीडिया तथा मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर फैलाई जा रही है।
बॉम्बे हाई कोर्ट के हालिया आदेश का हवाला देते हुए, मेकर्स ने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ बिना किसी पूर्व सूचना के 'आपराधिक, दीवानी (सिविल) और अदालत की अवमानना' की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
बयान में आगे कहा गया, "माननीय बॉम्बे हाई कोर्ट ने कमर्शियल IP सूट (l) नंबर 37230/2026 में 2 नवंबर 2026 और 6 नवंबर 2026 को दिए गए आदेशों के जरिए, सभी ज्ञात और अज्ञात व्यक्तियों को बिना अनुमति के फिल्म या उसके किसी भी हिस्से को रिकॉर्ड करने, अपलोड करने, शेयर करने या प्रसारित करने से रोक दिया है। ऐसा करना कॉपीराइट का उल्लंघन है। यह एक आपराधिक अपराध है, जिसके लिए कॉपीराइट एक्ट 1957, सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952, BNS 2023 और IT एक्ट 2000 के तहत जेल और जुर्माने की सजा हो सकती है। साथ ही, यह अदालत की अवमानना भी है।
उन्होंने लोगों को यह सलाह भी दी कि अगर उन्होंने सोशल मीडिया पर ऐसा कोई कंटेंट पोस्ट किया है, तो उसे तुरंत डिलीट कर दें।
पोस्ट के अंत में कहा गया, "सभी को सख्त निर्देश दिए जाते हैं कि वे ऐसा कोई भी कंटेंट रिकॉर्ड न करें, पोस्ट न करें या शेयर न करें। साथ ही, जो कंटेंट पहले ही पोस्ट किया जा चुका है, उसे डिलीट कर दें। ऐसा करने वालों की शिकायत संबंधित अधिकारियों और प्लेटफॉर्म्स से की जाएगी। उनके खिलाफ बिना किसी पूर्व सूचना के आपराधिक, दीवानी और अदालत की अवमानना की कार्यवाही की जाएगी। सभी अधिकार सुरक्षित हैं।" 5 नवंबर को रिलीज़ हुई 'रामायण: पार्ट 1' में रणबीर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी देवी सीता के रूप में और यश रावण के रूप में नज़र आते हैं। इस ड्रामा में रवि दुबे, इंदिरा कृष्णा, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, सोनल झा, लारा दत्ता, कुणाल कपूर, रकुल प्रीत सिंह और काजल अग्रवाल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देते हैं।