मणिपुर में फिर बिगड़े हालात, उग्रवादियों की गोलीबारी में दो महिलाओं समेत 4 की मौ'त

Edited By Updated: 14 Nov, 2026 01:30 AM

the situation in manipur has worsened again

मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो वाहनों पर गोलीबारी की, जिसमें दो महिलाओं समेत चार नगा लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री एल. दिखो, जो खुद नगा समुदाय से हैं, ने बातचीत और सुलह की अपील की है।

इम्फालः मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो वाहनों पर गोलीबारी की, जिसमें दो महिलाओं समेत चार नगा लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री एल. दिखो, जो खुद नगा समुदाय से हैं, ने बातचीत और सुलह की अपील की है। वहीं, विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार पर शांति बहाली का खाका तैयार करने में ''विफल'' रहने का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है और सुरक्षा मजबूत करने के लिए अतिरिक्त बलों को इलाके में भेजा गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार को एक महिला और उसके बेटे तथा दो लोगों की हत्या की घटना दोपहर करीब एक बजे इंफाल-उखरुल मार्ग पर न्यू हेवन इलाके में हुई, जब हथियारबंद विद्रोहियों ने चार पहिया दो वाहनों पर गोलीबारी की। उन्होंने कहा, ''दोनों कारों में सवार दो पुरुषों और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों वाहनों के सामने के शीशों पर गोलियों के निशान मिले।''

अधिकारी ने बताया कि मृतकों में से दो की पहचान शांगशाक गांव की हाओलीला और उनके बेटे कपांगखुई के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मारे गए दो अन्य लोगों की पहचान ताशर गांव के निवासियों ऑगस्ट नगालुंग और उनकी बहन खानमिला के रूप में हुई है। इस घटना से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को मणिपुर के कांगपोकपी जिले में संदिग्ध उग्रवादियों के बीच गोलीबारी में एक कुकी महिला की गोली लगने से मौत हो गई थी और दो पुरुष घायल हो गये थे। उखरुल के एक कुकी संगठन ने इन हत्याओं में कुकी-जो समुदाय की किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया। कुकी सीएसओ वर्किंग कमेटी, उखरुल ने कहा कि विश्वसनीय सबूतों के बिना समुदाय को इस मामले में फंसाने की कोई कोशिश नहीं की जानी चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ''हमारे राज्य ने असहनीय दर्द झेला है। हाल में निर्दोष लोगों की जान जाने से गहरे जख्म लगे हैं, जिन्हें हिंसा और प्रतिशोध से कभी नहीं भरा जा सकता।'' न्यू हेवन में हुई हत्याओं की निंदा करते हुए दिखो ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है और बहुत खून बह चुका है। इस बीच, कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र ने हत्याओं के बाद भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ''पिछले 24 घंटे में पांच लोगों की हत्या हो चुकी है। लोगों को कब सुरक्षा का एहसास होगा? सरकार इन सभी हत्याओं के लिए जवाबदेही और जिम्मेदारी कब लेगी?''

मणिपुर पुलिस ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा मजबूत करने और आगे किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सेना, असम राइफल्स और राज्य पुलिस के जवानों वाले अतिरिक्त सुरक्षा बलों को इलाके में भेजा गया है। बयान में कहा गया, ''घटना में शामिल लोगों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए घटनास्थल और उसके आसपास तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।''

मई 2023 में घाटी में रहने वाले मेइती और पर्वतीय इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच भड़के जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। इस साल फरवरी से अब तक पर्वतीय जिलों में कुकी और नगा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!