Edited By Tanuja,Updated: 12 Aug, 2026 09:10 PM

यमन के बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में ईरान समर्थित हूतियों ने एक वाणिज्यिक जहाज पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। हमले में चालक दल के चार सदस्यों और दो यमनी जवानों समेत छह लोगों की मौत हुई। दूसरी ओर अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में नाकेबंदी तोड़ने वाले जहाज...
Tehran: ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में एक जहाज पर मिसाइलें दागीं, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। यमन के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वहीं, अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे एक जहाज पर हमला किया है। यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि मृतकों में चालक दल के चार सदस्य और सरकार समर्थित 'नेशनल रेसिस्टेंस फोर्स' के दो जवान शामिल हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि हूती विद्रोहियों ने यमन के एक वाणिज्यिक जहाज पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।
ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को असल में बंद कर दिए जाने के बाद, अब लाल सागर और यमन के दक्षिणी छोर पर स्थित बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य पर ध्यान दिया जा रहा है, क्योंकि सऊदी अरब के लिए अपना तेल भेजने का यह एक वैकल्पिक रास्ता है। इस बीच, अमेरिकी सेना ने मंगलवार को कहा कि ओमान की खाड़ी में पनामा के झंडे वाले एक जहाज पर उसकी सेना ने हमला किया। सेना ने कहा कि यह जहाज ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर आर्थिक दबाव बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
अमेरिकी मध्य कमान ने कहा कि जहाज ने रुकने की चेतावनियों को नजरअंदाज किया, जिसके बाद एक अमेरिकी हेलीकॉप्टर ने 'एमवी वेला नोवा' पर मिसाइलें दागीं। कमान ने यह नहीं बताया गया कि जहाज के चालक दल का कोई सदस्य हताहत हुआ या नहीं। ट्रंप ने मंगलवार रात जोर देकर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिकी सेना का ''पूरा नियंत्रण'' है।