मुंबई : 26/11 हमले के 13 साल पूरे होने पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई

Edited By PTI News Agency,Updated: 27 Nov, 2021 09:53 AM

pti maharashtra story

मुंबई, 26 नवंबर (भाषा) राजनीतिज्ञों, बॉलीवुड की हस्तियों और नागरिकों ने मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को हुए हमले में आतंकवादियों से लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को शुक्रवार को पुष्पांजलि अर्पित की।

मुंबई, 26 नवंबर (भाषा) राजनीतिज्ञों, बॉलीवुड की हस्तियों और नागरिकों ने मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को हुए हमले में आतंकवादियों से लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को शुक्रवार को पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवादी हमलों के शहीदों को श्रद्धांजलि देने में देश का नेतृत्व किया और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि राष्ट्र हमेशा उन सुरक्षा कर्मियों का आभारी रहेगा जिन्होंने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और राज्य के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने दक्षिण मुंबई स्थित पुलिस मुख्यालय में स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

एक अधिकारी ने बताया कि ‘कोस्टल रोड’ परियोजना पर काम जारी रहने के कारण शहीदों के स्मारक को मरीन ड्राइव में पुलिस जिमखाना पर उसके मूल स्थल से क्रॉफर्ड मार्केट स्थित पुलिस मुख्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया है।

रीढ़ की हड्डी की सर्जरी के बाद मुंबई के एक अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ कर रहे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी 26/11 के शहीदों को याद किया। ठाकरे ने ट्वीट कर कहा कि आतंकी हमला आतंकवादियों की ‘‘कायराना मानसिकता’’ का स्पष्ट उदाहरण है।

इस आतंकवादी हमले की 13वीं बरसी में कोविड-19 महामारी के मद्देनजर सीमित संख्या में लोगों ने भाग लिया। कुछ शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के सदस्यों ने भी स्मारक पर श्रद्धांजलि दी।

कामा और आल्ब्लेस अस्पताल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और गेटवे ऑफ इंडिया के पास, दक्षिण मुंबई के कुछ स्थानों पर भी 26/11 के हमले के दौरान आतंकवादियों का निशाना बने लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। गिरगांव चौपाटी पर भी श्रद्धांजलि दी गई।

दक्षिण मुंबई में विभिन्न स्थानों पर शहीदों के बैनर और होर्डिंग लगाए गए, जहां आम नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित की। आभार के तौर पर लोग गेटवे ऑफ इंडिया पर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को फूल देते दिखे। एहतियात के तौर पर शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पुलिस तैनात की गई थी।

संसद के केंद्रीय कक्ष में संविधान दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘आज 26/11 हमारे लिए ऐसा दुखद दिन है, जब देश के दुश्मनों ने देश के अंदर आकर मुंबई में आतंकवादी हमले को अंजाम दिया। देश के वीर जवानों ने आतंकियों से लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी। मैं उनके बलिदान को नमन करता हूं।’’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आतंकवादियों से लड़ने और सर्वोच्च बलिदान देने वाले सुरक्षाकर्मियों के साहस को सलाम किया। शाह ने ट्वीट किया, ‘‘पूरे देश को आपकी बहादुरी पर गर्व है और आपके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।’’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हमलों के शहीदों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हमलों में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी शहीदों की तस्वीरों का दो मिनट का वीडियो साझा किया।

पाकिस्तान से लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों ने 26 नवंबर, 2008 को समुद्री मार्ग से मुंबई पहुंच कर गोलीबारी की थी। करीब 60 घंटे तक आतंकवादियों के खिलाफ चली कार्रवाई के दौरान मुंबई थम सी गई थी। इस आतंकवादी घटना में 166 लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे। मारे गए लोगों में शहीद हुए 18 सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं।

हमले में शहीद हुए लोगों में तत्कालीन आतंकवाद-रोधी दस्ते (एटीएस) के प्रमुख हेमंत करकरे, सेना के मेजर संदीप उन्नीकृष्णन, मुंबई के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक कामते, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय सालस्कर और सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) तुकाराम ओंबले शामिल थे।

छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ओबेरॉय ट्राइडेंट, ताजमहल होटल, लियोपोल्ड कैफे, कामा अस्पताल और नरीमन हाउस यहूदी सामुदायिक केंद्र, जिसे अब नरीमन लाइट हाउस नाम दिया गया है, कुछ ऐसे स्थान थे जिन्हें आतंकवादियों ने निशाना बनाया था।

बाद में, देश के शक्तिशाली कमांडो बल एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गारद) सहित सुरक्षा बलों ने नौ आतंकवादियों को मार गिराया। अजमल कसाब एकमात्र आतंकवादी था जिसे जिंदा पकड़ा गया था। उसे हमले के चार साल बाद 21 नवंबर 2012 को फांसी दे दी गई।

बॉलीवुड के ‘शहंशाह’ अमिताभ बच्चन ने “तीन दिनों तक खिंची स्याह रात” को याद करते हुए शुक्रवार को कहा कि 26/ 11 आतंकवादी हमला लंबे समय तक जहन में हलचल मचाने वाली घटना है।
मुंबई के पुलिस आयुक्त हेमंत नागराले ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक संजय पांडेय के साथ स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। नागराले ने ट्वीट किया, ‘‘घटना के 13 साल बीत चुके हैं, लेकिन अत्यधिक प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने का उनका साहस हमें आज भी प्रेरित करता है। 26/11 की बरसी पर मुंबई के रक्षकों को नमन।’’
मुंबई पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘उनके साहसिक कार्यों को हमेशा याद रखेंगे। उनके बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा।’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!