Edited By Parveen Kumar,Updated: 20 Jul, 2026 07:46 PM

मध्यप्रदेश में नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र में अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से कार सवार पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी युवक जबलपुर से हाथीनाला वाटरफॉल घूमकर लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात...
नेशनल डेस्क : मध्यप्रदेश में नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र में अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से कार सवार पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी युवक जबलपुर से हाथीनाला वाटरफॉल घूमकर लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि रविवार शाम इंदिरा नगर के समीप जबलपुर लौट रही कार को एक अज्ञात भारी वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में पांवला निवासी राजेन्द्र पटैल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य युवकों को उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल ले जाते समय शाहपुरा निवासी वीरेन्द्र लोधी (20), बरपटी निवासी जयपाल लोधी (30) और पांवला निवासी राजपाल लोधी (21) की मौत हो गई।
वहीं उपचार के दौरान बरपटी निवासी नीरज लोधी (25) ने भी दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल बरपटी निवासी आकाश लोधी (24) का जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर फरार अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।