Edited By Pardeep,Updated: 20 Jul, 2026 06:02 AM

मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर खड़े पांच दोस्तों को एक तेज गति से गुजर रहे भारी वाहन ने कथित तौर पर कुचल दिया, जिससे सभी पांच दोस्तों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह...
नेशनल डेस्कः मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर खड़े पांच दोस्तों को एक तेज गति से गुजर रहे भारी वाहन ने कथित तौर पर कुचल दिया, जिससे सभी पांच दोस्तों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया सभी दोस्त पिकनिक के लिए नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर स्थित हाथीनाला झरने गए थे और लौटते समय इंदिरा नगर के पास उनके साथ यह हादसा हुआ। मौके से सुआतला पुलिस थाने की प्रभारी प्रियंका केवट ने मीडिया को बताया कि पांच लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान राजेंद्र पटेल (22), वीरेंद्र लोधी (20), रामपाल सिंह लोधी (21), जयपाल सिंह लोधी (30) और नीरज सिंह लोधी (25) के तौर पर हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान आकाश सिंह लोधी (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी पीड़ित जबलपुर जिले के रहने वाले थे। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद गाड़ी (संभवतः ट्रक या डंपर) का चालक मौके से भाग गया।
उन्होंने कहा, "अभी यह पता नहीं चल पाया है कि घटना में कौन सी गाड़ी शामिल थी। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और गाड़ी व उसके चालक की पहचान करने के लिए चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है।"
स्थानीय लोगों के मुताबिक, झरने से लौटने के बाद ये छह दोस्त तस्वीरें लेने के लिए राजमार्ग पर रुके थे, तभी तेज गति से गुजर रहे वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि राजेंद्र पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी लोगों की अस्पताल ले जाते समय चोटों के कारण मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।