Edited By Rohini Oberoi,Updated: 14 Jul, 2026 07:19 AM

नगालैंड के चुमुकेदिमा जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। यहां सोमवार (13 जुलाई 2026) को दोपहर के समय एक संदिग्ध आईईडी (IED) धमाके में असम राइफल्स के एक जांबाज जवान शहीद हो गए जबकि चार अन्य जवानों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।...
Nagaland IED Blast : नगालैंड के चुमुकेदिमा जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। यहां सोमवार (13 जुलाई 2026) को दोपहर के समय एक संदिग्ध आईईडी (IED) धमाके में असम राइफल्स के एक जांबाज जवान शहीद हो गए जबकि चार अन्य जवानों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
सशस्त्र बल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) कर्नल अमित शुक्ला ने बताया कि यह विस्फोट अपराह्न करीब दो बजे शोखुवी क्षेत्र के पास हुआ जब एक अभियान पर जा रहे असम राइफल्स के वाहन को निशाना बनाया गया। अब तक किसी भी उग्रवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी।
अधिकारियों के मुताबिक असम राइफल्स के कर्मी एक छोटे ट्रक से जा रहे थे तभी यह विस्फोट हुआ। इस हादसे में असम राइफल्स प्रशिक्षण केंद्र एवं स्कूल के हवलदार मोहम्मद इकबाल की जान चली गई। विस्फोट में घायल हुए असम राइफल्स के चार जवानों को गंभीर चोटें आई हैं जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि धमाके की चपेट में आने से एक आम नागरिक भी घायल हो गया और एक ऑटो रिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बीच नगालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव, मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने इस धमाके की कड़ी निंदा की है।