Edited By Ramkesh,Updated: 16 May, 2026 07:53 PM

झारखंड की राजधानी रांची में कटहल मोड़ निवासी छड़-सिमेंट व्यवसायी राधेश्याम साहु पर जानलेवा हमला कराने और चर्चित अनिल टाईगर हत्याकांड की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार सिन्हा उफर् सूरज सिन्हा को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
नेशनल डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची में कटहल मोड़ निवासी छड़-सिमेंट व्यवसायी राधेश्याम साहु पर जानलेवा हमला कराने और चर्चित अनिल टाईगर हत्याकांड की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार सिन्हा उफर् सूरज सिन्हा को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर रांची लाया गया। यह कारर्वाई नगड़ी थाना कांड संख्या-160/25, दिनांक 15 अक्टूबर 2025, धारा 109(1)/61(2)/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में की गई है।
साजिशकर्ता अभिषेक सिन्हा गिरफ्तार
गौरतलब है कि 15 अक्टूबर 2025 को कटहल मोड़ स्थित सांभवी इंटरप्राइजेज के मालिक राधेश्याम साहु पर उनकी दुकान के बाहर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की थी। हमले में व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में शामिल दो शूटरों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अभिषेक सिन्हा उफर् सूरज सिन्हा फरार था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कोलकाता में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर इस घटना को अंजाम दिलाया था। पुलिस अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
अनिल टाईगर की गोली मारकर की थी हत्या
पुलिस ने खुलासा किया है कि सूरज सिन्हा चर्चित अनिल महतो उफर् अनिल टाईगर हत्याकांड का भी मुख्य साजिशकर्ता है। यह मामला कांके थाना कांड संख्या-90/2025, दिनांक 27 मार्च 2025 से जुड़ा है। 26 मार्च 2025 को कांके चौक स्थित शिव मंदिर के पास होटल में अपराधियों ने अनिल टाईगर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जांच में पुलिस ने पहले ही दो शूटर अमन सिंह और रोहित वर्मा समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। पूरक अनुसंधान में पुलिस को तकनीकी और भौतिक साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर सूरज सिन्हा को गिरफ्तार किया गया।
10 एकड़ पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि कांके थाना क्षेत्र के चामगुरु मौजा में करीब 10 एकड़ पुश्तैनी जमीन को लेकर देवव्रत नाथ शाहदेव और स्थानीय जोतकारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। अनिल टाईगर जोतकारों का पक्ष रख रहे थे और कई बार दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता भी कराई थी, लेकिन मामला नहीं सुलझा। इसी विवाद से परेशान होकर देवव्रत नाथ शाहदेव ने सूरज सिन्हा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
हत्या से पहले पांच लाख रुपये दिया एडवांस
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अनिल टाईगर की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। कुछ राशि बैंक ट्रांजेक्शन के जरिए सूरज सिन्हा के खाते में भेजी गई थी। इसके अलावा जमीन बिक्री से हिस्सेदारी देने का भी लालच दिया गया था। हत्या की साजिश रांची और कोलकाता में रची गई थी। घटना को अंजाम देने से पहले अनिल टाईगर की गतिविधियों की लगातार रेकी कराई गई थी।
पुलिस ने मामले का किया खुलासा
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार सिन्हा उफर् सूरज सिन्हा, पिता लक्ष्मण प्रसाद सिन्हा, शिवगंज हरमू रोड, थाना कोतवाली, रांची का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। नामकुम, बोकारो, हजारीबाग और कांके थानों में उसके खिलाफ विभिन्न संगीन कांड दर्ज हैं। इस कारर्वाई में सहायक पुलिस अधीक्षक सह थाना प्रभारी कांके साक्षी जमुआर, वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक अरविंद कुमार, दलादली टीओपी प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय, संदीप राज, अरुण कुमार अकेला, तकनीकी शाखा के बलेन्द्र कुमार समेत सशस्त्र बल और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।