Edited By Parveen Kumar,Updated: 05 Mar, 2026 06:41 PM

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान की सरकार लगातार कर्ज़ पर कर्ज़ लेकर पंजाब को आर्थिक संकट की ओर धकेल रही है। चुग ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब का कर्ज़ तेज़ी से बढ़कर 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गया है।...
नेशनल डेस्क : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान की सरकार लगातार कर्ज़ पर कर्ज़ लेकर पंजाब को आर्थिक संकट की ओर धकेल रही है। चुग ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब का कर्ज़ तेज़ी से बढ़कर 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि खबरें सामने आ रही हैं कि बजट से ठीक पहले एक बार फिर राज्य सरकार भारी उधारी लेने की तैयारी में है, जो पंजाब की वित्तीय स्थिति को और अधिक कमजोर करेगी और कर्ज 5 लाख करोड़ के पार पहुंच जाएगा।
चुग ने कहा कि इतना भारी कर्ज़ लेने के बावजूद पंजाब में विकास का कोई ठोस काम दिखाई नहीं देता। न तो कोई बड़ा बांध बना, न कोई बड़ा पुल तैयार हुआ, न ही कोई नई औद्योगिक इकाई स्थापित हुई और न ही कृषि क्षेत्र में कोई नई क्रांति देखने को मिली। उन्होंने कहा कि यह कर्ज़ पंजाब के विकास के लिए नहीं बल्कि भगवंत मान की आप सरकार की नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए लिया जा रहा है। चुग ने कहा कि पंजाब के संसाधनों को व्यवस्थित ढंग से विकसित करने या नए संसाधन ढूंढने के बजाय आप सरकार केवल उधारी के सहारे चल रही है।
माइनिंग के मुद्दे पर बोलते हुए चुग ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में दावा किया था कि अवैध खनन को रोककर पंजाब को हजारों करोड़ रुपये की आय होगी, लेकिन आज हालात यह हैं कि अवैध माइनिंग के गंभीर आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। चुग ने कहा कि एक सरकारी एसडीओ के पत्र और कई सार्वजनिक बयानों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पंजाब में किस तरह अवैध खनन और भ्रष्टाचार का जाल फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि जिन लोगों ने खुद को “कट्टर ईमानदार” बताया था, वे कट्टर बईमान निकले।
चुग ने कहा कि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों के दौरान अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर पंजाब को माइनिंग से हर साल 20,000 करोड़ रुपये की आय होगी। लेकिन हकीकत यह है कि पिछले चार वर्षों में पंजाब को माइनिंग से मात्र लगभग 800 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए हैं, जो केजरीवाल के वादे से लगभग 100 गुना कम है।
चुग ने कहा कि इससे भी अधिक गंभीर बात यह है कि पंजाब में माइनिंग विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप अब खुद आम आदमी पार्टी के भीतर से उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के ही सांसद मलविंदर कंग ने पंजाब के माइनिंग विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं, लेकिन इसके बावजूद भगवंत मान सरकार ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
चुग ने आरोप लगाया कि पंजाब के संसाधनों की खुलेआम लूट हो रही है और मान सरकार के पास पंजाब के आर्थिक पुनर्निर्माण का कोई स्पष्ट विज़न नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब का पैसा विकास कार्यों के बजाय विज्ञापनों और केजरीवाल की लुटू टोली की मेहमाननवाज़ी पर खर्च किया जा रहा है। चुग ने कहा कि पंजाब की मेहनतकश जनता यह पूछ रही है कि अगर मान सरकार लगातार कर्ज़ ले रही है तो उसका उपयोग विकास के किस काम में किया जा रहा है।
चुग ने कहा कि पंजाब की जनता अब समझ चुकी है कि “कट्टर ईमानदारी” के दावों के पीछे वास्तविकता क्या है। उन्होंने कहा कि पंजाब में बढ़ता कर्ज़, घटता राजस्व और संसाधनों की लूट यह साबित करती है कि सरकार के पास न तो स्पष्ट नीति है और न ही प्रशासनिक क्षमता। चुग ने कहा कि पंजाब की जनता इन सवालों का जवाब जरूर मांगेगी।