Edited By Pardeep,Updated: 30 Apr, 2026 04:30 AM

झारखंड की राजधानी रांची से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग बेटी ने अपने प्रेमी के शौक पूरे करने के लिए अपनी ही मां की जान ले ली। पैसे देने से इनकार करने पर बेटी ने अपने प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ मिलकर 50...
नेशनल डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग बेटी ने अपने प्रेमी के शौक पूरे करने के लिए अपनी ही मां की जान ले ली। पैसे देने से इनकार करने पर बेटी ने अपने प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ मिलकर 50 वर्षीय मां की तकिए से दम घोंटकर हत्या कर दी और शव को चुपचाप कब्रिस्तान में दफना दिया।
प्रेमी पर लुटा चुकी थी 5 लाख रुपये
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी नाबालिग लड़की अपने 20 वर्षीय प्रेमी अरबाज खान से शादी करना चाहती थी और उस पर काफी पैसे खर्च कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह अब तक अपने प्रेमी को 5 लाख रुपये दे चुकी थी। जब उसकी मां नाहिदा परवीन को इस बात का पता चला, तो उन्होंने उसे पैसे देना बंद कर दिया। इसी बात से नाराज होकर बेटी ने खौफनाक साजिश रची।
साजिश के तहत की हत्या और फिर चुपचाप दफनाया
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 24 अप्रैल को डोरंडा थाना क्षेत्र के मनीटोला में हुई थी। लड़की ने अपने प्रेमी अरबाज और उसके तीन दोस्तों की मदद से मां को तब मारा जब उन्होंने उसे पैसे देने से मना कर दिया था। हत्या के बाद 26 अप्रैल को साक्ष्यों को छुपाने के लिए शव को डोरंडा स्थित एक कब्रिस्तान में दफना दिया गया। मामला तब प्रकाश में आया जब मृतका के देवर ने 26 अप्रैल को पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई और मामले को संदिग्ध बताया।
बिहार के गया से हुई गिरफ्तारी
शहर पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए बिहार के गया जिले से दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी अरबाज खान शामिल है। नाबालिग लड़की को भी हिरासत में ले लिया गया है और उसने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाली गई लाश मंगलवार को पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मृतका के शव को कब्र से बाहर निकाला। शुरुआती जांच में गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार अन्य तीन आरोपियों की तलाश में जुटी है।