Edited By vasudha,Updated: 05 Sep, 2020 09:51 AM
भारत चीन सीमा में चल रहे गतिरोध के बीच अरुणाचल प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है। कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग का दावा है कि चीन की सेना ने 5 भारतीयों का अपहरण कर लिया है। निनॉन्ग ने ट्वीट के जरिए पीएमओ इसकी जानकारी दी...
नेशनल डेस्क: भारत चीन सीमा में चल रहे गतिरोध के बीच अरुणाचल प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है। कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग का दावा है कि चीन की सेना ने 5 भारतीयों का अपहरण कर लिया है। निनॉन्ग ने ट्वीट के जरिए पीएमओ इसकी जानकारी दी।
कांग्रेस विधायक ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि चौंकाने वाली खबर। हमारे राज्य अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबासिरी जिले के पांच लोगों का कथित तौर पर चीन के पीएलए द्वारा अपहरण कर लिया गया है। कुछ महीने पहले भी इसी तरह की घटना घटी थी। पीएलए और चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी को मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अगवा लोगों को छुड़ाए।
निनॉन्ग ने अपने ट्वीट के साथ दो स्क्रीनशॉट भी अटैच किए हैं, जिसमें अगवा किए गए पांच लोगों के नाम बताए गए हैं। उन्होंने कहा है कि सरकार को चीन पर कार्रवाई करनी चाहिए और चीनी विस्तारवाद नीतियों की जांच करनी चाहिए। बताया जा रहा है कि अगवा किए गए पांचों लोग तागिन समुदाय से संबंधित हैं। वे लोग जंगल में शिकार के लिए गए थे, जब उन्हें चीनी सेना ने अगवा कर लिया।
इन पांच लोगों के साथ दो और ग्रामीण मौके पर मौजूद थे लेकिन अपहरण से पहले वे भागने में कामयाब रहे। उन्होंने इस घटना का जिक्र लोगों के सामने किया। पीड़ितों के परिजनों का कहना है कि वे शनिवार सुबह सेना के अधिकारियों के साथ चर्चा करने और घटना के बारे में पता लगाने के लिए नाचो रवाना होंगे। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने संबंधित अधिकारियों से इस घटना पर गंभीरता से ध्यान देने और पांचों को देश वापस लाने के लिए कदम उठाने की अपील की है।