Edited By Seema Sharma,Updated: 14 Feb, 2019 04:35 PM
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवा को कहा कि कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन से ‘‘काफी हद तक’’ इनकार कर दिया है। उनका यह बयान तब आया है जब उन्होंने एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवा को कहा कि कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन से ‘‘काफी हद तक’’ इनकार कर दिया है। उनका यह बयान तब आया है जब उन्होंने एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं के साथ एक बैठक में भाग लिया। कांग्रेस के साथ गठबंधन पर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उसने आप के साथ गठबंधन से ‘‘काफी हद तक’’ इनकार कर दिया है। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए आप ज्यादा उत्सुक हैं, इस पर उन्होंने कहा कि त्रिपक्षीय मुकाबले से भाजपा को फायदा मिलेगा।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों के लिए संयुक्त भाजपा रोधी मोर्चे पर आगे बढ़ते हुए राहुल गांधी और ममता बनर्जी समेत विपक्ष के शीर्ष नेता मोदी सरकार को सत्ता से बाहर करने तथा चुनाव पूर्व गठबंधन बनाने पर विचार करने के लिए साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार करने के वास्ते एक साथ मिलकर काम करने पर बुधवार को राजी हुए। राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने यहां अपने आवास पर बैठक की मेजबानी की। बैठक में कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी और केजरीवाल पहली बार एक साथ दिखे।
AAP ने फैलाई थी झूठी अफवाह: कांग्रेस
केजरीवाल के बयान पर कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने दावा किया कि सीएम ने अपनी पार्टी का अस्तित्व बचाने के लिए गठबंधन की अफवाह फैला रहे थे, जबकि कांग्रेस की ओर से इस संदर्भ में कोई बात नहीं हुई थी। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा कि गठबंधन को लेकर अफवाह केजरीवाल जी ने फैलाई थी। हमारी ओर से गठबंधन को लेकर कोई बात नहीं हुई। हमने पहले से तय कर रखा है कि हम दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ेंगे।