Edited By Radhika,Updated: 27 May, 2026 12:18 PM

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के एक कथित वायरल बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि राजा वड़िंग द्वारा दलित समाज को लेकर दिया गया बयान...
नेशनल डेस्क: पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के एक कथित वायरल बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि राजा वड़िंग द्वारा दलित समाज को लेकर दिया गया बयान कांग्रेस के असली और अहंकारी चेहरे को उजागर करता है। भाजपा प्रवक्ता ने राजा वड़िंग के वायरल बयान “₹1000 में ढेड़, ₹2000 में भेड़” का हवाला देते हुए कहा कि यह कोई सामान्य राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि शुद्ध रूप से जातिगत अहंकार है। उन्होंने अतीत की घटनाओं की याद दिलाते हुए कहा कि पहले दिवंगत वरिष्ठ नेता सरदार बूटा सिंह जी पर अपमानजनक टिप्पणियां की गईं, फिर "काला मजहबी सिख" जैसे शब्दों का इस्तेमाल हुआ और अब दलितों व गरीब वोटरों को निशाना बनाकर यह घृणित टिप्पणी की गई है।
सार्वजनिक जीवन में रहने का नैतिक अधिकार नहीं
आर.पी. सिंह ने कहा, "जो नेता पूरे समाज के लिए जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करता हो, उसे न तो सार्वजनिक जीवन में रहने का नैतिक अधिकार है और न ही सामाजिक न्याय पर भाषण देने का। आखिर कांग्रेस कितनी बार अनुसूचित जातियों (SC) का अपमान करेगी और फिर 'एडिटेड ऑडियो' तथा 'साजिश' जैसे बहानों के पीछे छिपेगी?"
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की चुप्पी पर उठाए सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने इस मामले में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सीधे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा कि खुद को सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा पैरोकार बताने वाले राहुल गांधी क्या राजा वड़िंग की इस जातिवादी टिप्पणी की निंदा करेंगे? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की चुप्पी यह साबित करती है कि दलितों के प्रति उनका प्रेम केवल खोखला और दिखावटी है।
<
>
इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी बड़ा सवाल किया। आर.पी. सिंह ने कहा, "क्या खड़गे जी केवल कांग्रेस के लिए एक प्रतीकात्मक चेहरा हैं या वास्तव में अनुसूचित जातियों की गरिमा की रक्षा के लिए राजा वड़िंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे? यदि कांग्रेस सच में सामाजिक न्याय में विश्वास करती है, तो खड़गे जी (जो स्वयं SC समुदाय से आते हैं) राजा वड़िंग को पार्टी से बाहर का रास्ता क्यों नहीं दिखाते?"
वोट बैंक नहीं, पंजाब के दलित देश के गौरवान्वित नागरिक हैं
भाजपा प्रवक्ता ने साफ तौर पर कहा कि पंजाब के लाखों दलित केवल कोई वोट बैंक नहीं हैं, जिन्हें खरीदा, बेचा या अपमानित किया जा सके। वे इस देश के गौरवान्वित नागरिक हैं, जिन्होंने पंजाब की प्रगति और भारत को मजबूत बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी कांग्रेस हाईकमान की ओर से न तो कोई निंदा आई है, न कोई माफी और न ही कोई कार्रवाई। भाजपा ने मांग की है कि राजा वड़िंग को अपने इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और राहुल गांधी को अपनी चुप्पी तोड़कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि कांग्रेस दलितों की गरिमा के साथ खड़ी है या अपने उन नेताओं के साथ जो बार-बार दलित समाज का अपमान करते हैं।