CJP के 'चलो संसद' मार्च को दिल्‍ली पुलिस की NO, डीसीपी बोले- हमसे नहीं ली गई इजाजत, संसद की ओर बढ़े तो होगा एक्‍शन

Edited By Updated: 20 Jul, 2026 01:31 AM

delhi on high alert ahead of cjp s chalo sansad march

संसद के मानसून सत्र और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सोमवार को प्रस्तावित 'चलो संसद' मार्च से पहले नR दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी। वहीं दिल्ली पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर...

नई दिल्लीः संसद के मानसून सत्र और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सोमवार को प्रस्तावित 'चलो संसद' मार्च से पहले नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। वहीं दिल्ली पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी। कॉजपा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में कथित अनियमितताओं के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मार्च का आह्वान किया था, जिसके बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने रविवार को 'एक्स' पर जारी एक सार्वजनिक परामर्श में बताया, "दिल्ली पुलिस स्पष्ट करती है कि इस तरह के किसी भी विरोध मार्च या जुलूस के लिए न तो अनुमति मांगी गई है और न ही दी गई है।"

पोस्ट के अनुसार, नयी दिल्ली जिले में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। पोस्ट में बताया गया, "इसके तहत जंतर-मंतर स्थित निर्धारित प्रदर्शन स्थल को छोड़कर, वह भी पूर्व अनुमति के साथ, विरोध मार्च, जुलूस, प्रदर्शन और पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर सख्त रोक है।" पुलिस उपायुक्त ने चेतावनी दी कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 और अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

पोस्ट के मुताबिक, "दिल्ली पुलिस सभी नागरिकों से कानून का पालन करने, किसी भी अनधिकृत सभा या मार्च में शामिल नहीं होने, सार्वजनिक शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करती है।" सूत्रों ने रविवार को बताया कि दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की है, अवरोधक लगाए हैं और प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि कॉजपा ने प्रस्तावित मार्च के लिए अनुमति नहीं ली है। पुलिस के मुताबिक, "हम उच्च सुरक्षा क्षेत्र की ओर किसी भी अनधिकृत मार्च को जाने की अनुमति नहीं देंगे।" पुलिस ने बताया कि संसद सत्र के दौरान एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी। पुलिस के मुताबिक, नयी दिल्ली, मध्य दिल्ली और उत्तर दिल्ली के कुछ हिस्सों में कई प्रवेश मार्गों पर अवरोधक लगाए गये हैं, कड़ी निगरानी और चौबीसों घंटे गश्त के साथ उच्च सुरक्षा क्षेत्र में बदल दिया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि संसद सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक एहतियाती इंतजाम किए गए हैं। सूत्र ने बताया, "नई दिल्ली जिले में प्रवेश करने वाले हर वाहन की गहन जांच की जा रही है। महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस चौकियां बनाई गई हैं और रिजर्व बल को तैयार रखा गया है। संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी के जरिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है।" सूत्रों के मुताबिक, जंतर-मंतर, संसद मार्ग, सेंट्रल विस्टा, कनॉट प्लेस, शंकर चौक और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए द्रुत कार्य बल (आरएएफ) को भी तैनात किया गया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!