Edited By Pardeep,Updated: 21 Jul, 2026 02:39 AM

अक्सर खरीदारी करते समय हम 100 या 200 रुपये के नोटों को तो जांच-परख कर लेते हैं, लेकिन 50, 20 या 10 रुपये जैसे छोटे नोटों को बिना देखे ही जेब में रख लेते हैं।
डेस्कः अक्सर खरीदारी करते समय हम 100 या 200 रुपये के नोटों को तो जांच-परख कर लेते हैं, लेकिन 50, 20 या 10 रुपये जैसे छोटे नोटों को बिना देखे ही जेब में रख लेते हैं। आपकी यही लापरवाही भारी पड़ सकती है, क्योंकि आजकल बाजार में 50 रुपये के नकली नोटों के जरिए भी लोगों को ठगा जा रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने आम जनता को सचेत करते हुए 50 रुपये के असली नोट की पहचान करने के लिए कुछ खास फीचर्स साझा किए हैं।
कैसे पहचानें 50 रुपये का असली नोट?
RBI की गाइडलाइन्स के अनुसार, असली नोट की पहचान इन प्रमुख बिंदुओं से की जा सकती है:
- सी-थ्रू सिक्योरिटी फीचर: नोट के नीचे बाईं ओर '50' का एक पारदर्शी अंक (See-through register) दिया गया है, जो रोशनी के सामने रखने पर पूरी तरह साफ नजर आता है।
- देवनागरी में अंक: नोट पर '50' का अंक हिंदी (देवनागरी लिपि) में भी अंकित है।
- गांधी जी की तस्वीर: नोट के बीचों-बीच महात्मा गांधी की तस्वीर प्रमुखता से छपी है।
- गवर्नर के हस्ताक्षर और लोगो: नोट के दाईं ओर RBI का लोगो, गवर्नर के हस्ताक्षर और भुगतान का वादा (गारंटी क्लॉज) दिया गया है।
- बढ़ते क्रम में सीरियल नंबर: नोट के ऊपर बाईं ओर और नीचे दाईं ओर लिखे सीरियल नंबर के अंक छोटे से बड़े आकार में बढ़ते क्रम में होते हैं।
- अशोक स्तंभ: नोट के नीचे दाईं ओर राष्ट्रीय चिन्ह अशोक स्तंभ का प्रतीक बना होता है।
RBI की अपील: सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
रिजर्व बैंक समय-समय पर लोगों से अपील करता है कि वे नकली नोटों के जाल में फंसने से बचने के लिए सुरक्षा फीचर्स की पूरी जानकारी रखें। किसी भी नोट पर संदेह होने पर उसे रोशनी के सामने रखकर या इन चिन्हों की जांच करके उसकी असलियत जांची जा सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि इन फीचर्स को इतनी बारीकी से डिजाइन किया गया है कि इनकी हूबहू नकल करना नामुमकिन है। इसलिए, अगली बार जब आपके हाथ में 50 का नोट आए, तो उसे जेब में रखने से पहले एक बार जरूर चेक करें।