Edited By Anu Malhotra,Updated: 19 Nov, 2026 09:43 AM

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को बताया कि 2026-27 में दिल्ली में रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड 2,711 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके तहत 13 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा और 8,976 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाएं चल रही हैं।
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को बताया कि 2026-27 में दिल्ली में रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड 2,711 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके तहत 13 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा और 8,976 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाएं चल रही हैं। रेखा गुप्ता ने कहा कि इस आवंटन से रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, यात्रियों के लिए सुविधाएं बेहतर होंगी और राष्ट्रीय राजधानी में कनेक्टिविटी बढ़ेगी। उन्होंने इस फंड के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हाल ही में शुरू की गई नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और व्यापार के लिए यात्रा करने वालों को फायदा मिलेगा। यह ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर और प्रयागराज से होकर गुजरेगी।
इन 13 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा
रिपोर्ट के अनुसार, 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत जिन 13 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, उनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला, शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर शामिल हैं।पुनर्विकास कार्य में स्टेशन की इमारतों को आधुनिक बनाना और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स में सुधार करना शामिल है। इसके अलावा, वेटिंग एरिया, शौचालय, पीने के पानी की सुविधा, प्लेटफॉर्म शेल्टर, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, एस्केलेटर और पार्किंग की सुविधाओं को भी अपग्रेड किया जाएगा।
इन स्टेशनों पर दिव्यांगजनों के लिए भी बेहतर पहुंच की सुविधा होगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की तरफ एक होल्डिंग एरिया का काम पूरा हो चुका है, जबकि डबल बेसमेंट और एक एलिवेटेड रोड का काम शुरू हो गया है। हज़रत निज़ामुद्दीन स्टेशन पर, सराय काले खां की तरफ से दूसरे प्रवेश द्वार को फिर से विकसित किया जा रहा है। इसमें सीढ़ियां, एस्केलेटर, लिफ्ट, टिकट काउंटर, शौचालय और एक विस्तारित फुट ओवरब्रिज शामिल हैं।
दिल्ली कैंट, सफदरजंग, बिजवासन, नरेला, सब्जी मंडी और तिलक ब्रिज स्टेशनों पर भी विकास कार्य चल रहे हैं। इनमें नई स्टेशन इमारतें, प्लेटफॉर्म, पार्किंग क्षेत्र और यात्रियों के लिए सुविधाएं शामिल हैं। गुप्ता ने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का आधुनिकीकरण होगा और लाखों यात्रियों के लिए सुविधाएं बेहतर होंगी। इस आवंटन में स्टेशनों का पुनर्विकास, यात्रियों के लिए सुविधाएं और बेहतर रेल कनेक्टिविटी शामिल है।