Edited By Pardeep,Updated: 20 Jul, 2026 09:53 PM

तिरुवनंतपुरम के पास वेम्बायम के एक बार में रविवार रात उस समय चीख-पुकार मच गई, जब मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। शराब पीने के दौरान हुए झगड़े से गुस्साए आरोपी ने बार में मौजूद लोगों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।...
वेम्बायम: तिरुवनंतपुरम के पास वेम्बायम के एक बार में रविवार रात उस समय चीख-पुकार मच गई, जब मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। शराब पीने के दौरान हुए झगड़े से गुस्साए आरोपी ने बार में मौजूद लोगों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस दिल दहला देने वाली घटना में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि हमलावर समेत तीन अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए हैं।
30 मिनट बाद मौत का सामान लेकर लौटा आरोपी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे की है। आरोपी, जिसकी पहचान अनीश के रूप में हुई है, बार में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान उसकी वहां मौजूद अन्य ग्राहकों से किसी बात पर बहस हो गई। झगड़े के बाद अनीश वहां से चला गया, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह किस मंशा से वापस आएगा। करीब आधे घंटे बाद वह पेट्रोल से भरी बोतल लेकर लौटा और अंधाधुंध तरीके से लोगों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
एक की मौत, हमलावर की हालत भी गंभीर
इस अग्निकांड में वेम्बायम के पास थेक्काडा निवासी नवास की अस्पताल में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नवास 80 प्रतिशत से ज्यादा जल चुका था। वहीं, खुद हमलावर अनीश भी इस आग की चपेट में आ गया और वह 60 प्रतिशत तक झुलस गया है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना में घायल दो अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लाखों का नुकसान, पुलिस जांच में जुटी
आग इतनी भयानक थी कि उसने बार के एक बड़े हिस्से और फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे काफी नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और घटना की गहनता से जांच शुरू कर दी है।