Edited By Rohini Oberoi,Updated: 04 Aug, 2026 03:19 PM

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 स्थित बी-ब्लॉक पार्क से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपने पालतू कुत्ते को टहलाने निकली एक महिला पर पार्क में मौजूद एक पिटबुल (Pitbull) नस्ल के कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। पिटबुल ने महिला के बाएं हाथ को अपने मजबूत...
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 स्थित बी-ब्लॉक पार्क से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपने पालतू कुत्ते को टहलाने निकली एक महिला पर पार्क में मौजूद एक पिटबुल (Pitbull) नस्ल के कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। पिटबुल ने महिला के बाएं हाथ को अपने मजबूत जबड़े में जकड़ लिया।
लगभग 10 से 15 मिनट तक महिला दर्द से चीखती रही और पार्क में मौजूद लोग उसे बचाने की मशक्कत करते रहे। किसी तरह महिला को पिटबुल के चंगुल से छुड़ाया गया जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसके हाथ में 12 टांके आए हैं। इस घटना के बाद से ही सेक्टर के निवासियों में डर और नाराजगी का माहौल है।
वहीं RWA अध्यक्ष प्रमोद भाटी के अनुसार महिला अपने पालतू कुत्ते के साथ पार्क में टहल रही थी तभी दूसरा निवासी अपने पिटबुल को लेकर वहां पहुंचा। दोनों कुत्तों को आमने-सामने देखकर वे आक्रामक होने लगे। जब महिला ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग करने का प्रयास किया तो पिटबुल ने अचानक महिला पर हमला कर दिया और उसका हाथ मुंह में दबा लिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास टहल रहे लोग दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को छुड़ाया जा सका।
यह भी पढ़ें: Vande Bharat Loco Pilot Salary: जानिए वंदे भारत ट्रेन के ड्राइवर को कितनी मिलती है सैलरी और कैसे होता है चुनाव?
घटना के बाद सेक्टरवासियों और RWA ने सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाए हैं। RWA अध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों में फिलहाल समझौता हो गया है। पिटबुल के मालिक ने महिला के इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही है जिसके चलते फिलहाल कोई पुलिस केस दर्ज नहीं कराया गया है।
यह भी पढ़ें: Passport Fee Hike Reason: पासपोर्ट के लिए क्यों देने पड़ते हैं 2500 रुपये? जानिए पूरा हिसाब
वहीं सेक्टर के पार्कों में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुत्तों के आने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। सार्वजनिक स्थानों पर बिना मजल (Muzzle - कुत्ते का मुंह ढकने वाला कवर) के कुत्ते घुमाने वालों पर ₹1,000 का जुर्माना लगाने का नियम लागू किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।