Edited By Pardeep,Updated: 01 Oct, 2026 06:24 AM

त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही 1 अक्टूबर को आम जनता और कारोबारियों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है, जिससे देश भर में कमर्शियल सिलेंडर ₹71.50 तक...
नई दिल्ली : त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही 1 अक्टूबर को आम जनता और कारोबारियों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है, जिससे देश भर में कमर्शियल सिलेंडर 71.50 रुपए तक महंगा हो गया है। राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसकी दरें स्थिर बनी हुई हैं।
देश के प्रमुख शहरों में कमर्शियल और घरेलू सिलेंडर के नए रेट:
- दिल्ली: दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर ₹62.50 महंगा होकर ₹2810 का हो गया है, जो पिछले महीने सितंबर में ₹2747.50 का था। वहीं 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर ₹942 पर ही बरकरार है।
- मुंबई: मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर ₹63 महंगा होकर ₹2764 का हो गया है (सितंबर में ₹2701 था), जबकि घरेलू सिलेंडर ₹941.50 पर स्थिर है।
- चेन्नई: चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर ₹2983 का हो गया है (सितंबर में ₹2916.50 था), और घरेलू सिलेंडर ₹957.50 में मिल रहा है।
- पटना: पटना में कमर्शियल (नीला) सिलेंडर सबसे ज्यादा ₹71.50 महंगा हुआ है और अब इसकी कीमत ₹3100.50 हो गई है (सितंबर में ₹3029 था)। यहां घरेलू सिलेंडर ₹1031.50 पर स्थिर है।
- लखनऊ व भोपाल: लखनऊ में कमर्शियल सिलेंडर ₹62.50 बढ़कर ₹2932.50 (घरेलू ₹979.50) और भोपाल में कमर्शियल सिलेंडर ₹2815 (घरेलू ₹947.50) का हो गया है।
- अहमदाबाद व कन्याकुमारी: अहमदाबाद में कमर्शियल सिलेंडर ₹2831.50 (घरेलू ₹949) और कन्याकुमारी में ₹3046 (घरेलू ₹1026) का हो गया है।
- अरुणाचल (तवांग) व लेह: तवांग में कमर्शियल सिलेंडर ₹3073.50 (घरेलू ₹1007.50) पर पहुंच गया है। देश में सबसे महंगा सिलेंडर लेह में है, जहां कमर्शियल सिलेंडर ₹64.50 की बढ़ोतरी के साथ ₹3450 का हो गया है, जबकि घरेलू सिलेंडर की कीमत ₹1179 है।
कैसे तय होती है कीमत?
एलपीजी की कीमतें अंतरराष्ट्रीय एलपीजी रेट बेंचमार्क और विदेशी मुद्रा दर के आधार पर तय की जाती हैं। हालांकि, घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमतों को पूरी तरह बाजार के हवाले नहीं छोड़ा जाता है और सरकार ओएमसी (OMCs) को निर्देश देकर घरेलू उपभोक्ताओं को अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बढ़ोतरी के प्रभाव से बचाती है।
सब्सिडी का प्रावधान:
पात्र उपभोक्ताओं को सीधे बैंक खाते में एलपीजी सब्सिडी दी जाती है। वर्तमान में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए केंद्र सरकार द्वारा ₹300 प्रति 14.2 किलो सिलेंडर की दर से साल में अधिकतम 12 रिफिल पर लक्षित सब्सिडी का प्रावधान है।