Edited By ,Updated: 11 Oct, 2016 11:26 PM
गुजरात में आणंद जिले के ओडे गांव में 2002 के दंगों के एक मामले के एक आरोपी को लंदन पुलिस ने गिरफ्तार...
अहमदाबाद: गुजरात दंगों से जुड़े नौ सबसे जघन्य मामलों में से एक फरार आरोपी को लंदन की पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उसे लेने के लिए गुजरात पुलिस की विशेष जांच टीम बुधवार को वहां रवाना होगी। 27 फरवरी 2002 को गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस का एक डिब्बा जलाए जाने के बाद फैले राज्यव्यापी दंगों के दौरान उसी साल एक और दो मार्च को आणंद जिले के ओड गांव तथा आसपास में अल्पसंख्यक समुदाय के 27 लोगों को भीड़ ने मार दिया था।
23 को जला दिया था जिंदा
इनमें से 23 को जला दिया गया था जिनमें नौ महिलाएं भी शामिल थीं। इस मामले का एक आरोपी समीर पटेल पेरोल पर छूटने के बाद फरार हो गया था। उसके लंदन में होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने रेड कार्नर नोटिस जारी किया था। इसके आधार पर अब उसे लंदन में पकड़ लिया गया है।
दो सप्ताह में वापस लाए जाएंगे आरोपी
पुलिस ने बताया कि विशेष जांच टीम उसे करीब दो सप्ताह में वापस यहां लाएगी। इस मामले के दो और आरोपी अब भी फरार हैं जबकि विशेष अदालत ने 2012 में 23 आरोपियों को सजा सुनाई थी। बीच में फरारी के कारण समीर पटेल और दो अन्य के खिलाफ मामले की सुनवाई अधूरी है। यह मामला उच्चतम न्यायालय के आदेश पर गठित एसआईटी की जांच के दायरे में रखे गुजरात दंगे के नौ मामलों में से एक है।