Edited By Anu Malhotra,Updated: 25 Sep, 2026 08:40 AM
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने Deep Depression के कारण देश का मौसम अचानक बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के 12 से अधिक राज्यों के लिए मूसलाधार बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी जारी की है।...
नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने Deep Depression के कारण देश का मौसम अचानक बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के 12 से अधिक राज्यों के लिए मूसलाधार बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी जारी की है। दिल्ली-NCR से लेकर यूपी, बिहार, झारखंड और पहाड़ी इलाकों तक 29 सितंबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है। तटीय क्षेत्रों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
कहां-कहां पड़ेगी बारिश
1. उत्तर प्रदेश : बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का सबसे ज्यादा असर पूर्वी उत्तर प्रदेश पर दिख रहा है। 25 और 26 सितंबर को पूर्वांचल के 27 जिलों में बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने का अंदेशा है। प्रभावित जिले में वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, जौनपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, चंदौली, भदोही, सोनभद्र, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और अंबेडकर नगर शामिल है।
2. बिहार और झारखंड में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
बिहार में 25 सितंबर को पूरे राज्य में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है। वहीं, झारखंड में अगले 24 घंटे बेहद संवेदनशील हैं। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। बाकी 11 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
3. दिल्ली-NCR और हरियाणा में 29 सितंबर तक बना रहेगा असर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। IMD के मुताबिक, दिल्ली-NCR में 29 सितंबर तक बादल छाए रहेंगे और रह-रहकर बारिश व आंधी आ सकती है।
4. मध्य भारत में 70 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। छत्तीसगढ़ में 70 किमी/घंटे की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है। मराठवाड़ा और विदर्भ के भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली व गोंदिया जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित है।
5. राजस्थान में 27 सितंबर तक एक्टिव रहेगा मॉनसून
जयपुर, अलवर, कोटा, बूंदी, सीकर, भरतपुर समेत पूर्वी राजस्थान के 15 जिलों में 27 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी राजस्थान (जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर आदि) में भी छिटपुट बौछारें गिर सकती हैं।
6. पहाड़ी राज्य और ओडिशा-पश्चिम बंगाल
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। तटीय क्षेत्र की बात करे तो ओडिशा और पश्चिम बंगाल में शनिवार तक भारी बारिश होगी। समुद्र में 55-65 किमी/घंटे की हवाएं चलने के कारण मछुआरों को शुक्रवार तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।