उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने शनिवार को कहा कि भारत की ताकत विभिन्न संस्कृतियों का स्वागत करने, उनका सम्मान करने और उन्हें अपनाने में निहित है।
पुणेः उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने शनिवार को कहा कि भारत की ताकत विभिन्न संस्कृतियों का स्वागत करने, उनका सम्मान करने और उन्हें अपनाने में निहित है। राधाकृष्णन ने पुणे में सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (सम विश्वविद्यालय) के 23वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में अब 1,400 से अधिक विश्वविद्यालय हैं, जबकि 2014-15 में इनकी संख्या 760 थी।
उन्होंने कहा, ''भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) की संख्या 16 से बढ़कर 23 हो गई है, जबकि भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) की संख्या 2014 में 13 से बढ़कर अब 22 हो गई है। इसी तरह, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों (एम्स) की संख्या 2014 में सात से बढ़कर देशभर में 23 हो गई है।'' उपराष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा को देशों, संस्कृतियों और समुदायों के बीच सेतु बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारियों के माध्यम से भारत वैश्विक ज्ञान केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से मादक पदार्थों से दूर रहने और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला शिक्षा, आजीवन सीखने और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर भी जोर दिया। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल भी समारोह में मौजूद थे।
राधाकृष्णन ने कहा, ''यह देखकर प्रसन्नता होती है कि विभिन्न देशों के विद्यार्थी अपनी-अपनी परंपराओं की विविधता को प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाने के लिए एक साथ आए हैं।'' उन्होंने सितंबर में 38वें पुणे महोत्सव में अपने दौरे को याद करते हुए कहा कि उस कार्यक्रम में सिम्बायोसिस के अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम उन्हें विशेष रूप से याद है। उन्होंने कहा, ''ऐसे अवसर विभिन्न संस्कृतियों का स्वागत करने, उनका सम्मान करने और उन्हें अपनाने की भारत की ताकत को दर्शाते हैं।''
महिला सशक्तीकरण पर बात करते हुए राधाकृष्णन ने कहा कि उन्होंने कश्मीर से तमिलनाडु, असम, नगालैंड और त्रिपुरा तथा राजस्थान से पुणे और भुवनेश्वर तक देशभर में दीक्षांत समारोहों में हिस्सा लिया है। उन्होंने कहा, ''महिलाओं को सही शिक्षा देना उन्हें सशक्त बनाने का वास्तविक तरीका है। शिक्षित महिलाएं खुद को सशक्त बनाएंगी।'' उपराष्ट्रपति ने 'सिम्बायोसिस मेडिकल कॉलेज फॉर विमेन' की स्थापना की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को चिकित्सा शिक्षा हासिल करने और देश एवं अंतरराष्ट्रीय समुदाय की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में योगदान देने के अवसर मिलते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा, ''मैं उनसे अपील करता हूं कि वे मादक पदार्थों को 'ना' कहें, नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि वे नशे से मुक्त रह सकें।'' भारतीय दर्शन के 'वसुधैव कुटुंबकम' सिद्धांत का उल्लेख करते हुए राधाकृष्णन ने कहा कि यह केवल एक दर्शन नहीं, बल्कि सदियों से भारत की जीवनशैली का हिस्सा रहा है।
उन्होंने कहा, ''ऐसे समय में जब दुनिया जटिल चुनौतियों का सामना कर रही है, शिक्षा को देशों, संस्कृतियों और समुदायों के बीच सेतु का काम करना चाहिए, ताकि युवाओं को एक साथ लाया जा सके।'' उपराष्ट्रपति ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा और वैज्ञानिक खोजों के कारण दुनिया में असाधारण बदलाव हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्नातक होने के बाद भी सीखना जारी रखने का आग्रह किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से प्रयोग करने का साहस, सोच-समझकर जोखिम उठाने का आत्मविश्वास और विचारों को वास्तविकता में बदलने का संकल्प विकसित करने को कहा। साथ ही उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि आर्थिक और तकनीकी प्रगति मानवीय मूल्यों पर आधारित रहे। राधाकृष्णन ने कहा कि पेशेवर सफलता महत्वपूर्ण है, लेकिन ''चरित्र और नैतिक आचरण से स्थायी सम्मान मिलता है।''
उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी के साथ उत्कृष्टता हासिल करने और समाज एवं देश की जरूरतों के प्रति संवेदनशील बने रहने का आग्रह किया। राधाकृष्णन ने बताया कि उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की संख्या 2014-15 के 3.4 करोड़ से बढ़कर अब 4.5 करोड़ से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा, ''शिक्षा अवसर प्रदान करती है, लेकिन इसके साथ दूसरों के कल्याण में योगदान देने की जिम्मेदारी भी आती है।''
उन्होंने कहा कि लोगों को अपने लिए जीने के साथ-साथ समाज के लिए भी जीना चाहिए और समाज से जो कुछ मिला है, उसे समाज को लौटाना चाहिए। उपराष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों, कारोबारी समुदाय और अन्य लोगों की सामूहिक भूमिका होती है। उन्होंने कहा, ''हर ईमानदार पेशेवर, रोजगार पैदा करने वाला उद्यमी और सामाजिक प्रतिबद्धता वाला व्यक्ति एक समृद्ध राष्ट्र और दुनिया के व्यापक लक्ष्य में योगदान देता है।''
भारत की एक जिम्मेदार वैश्विक साझेदार के रूप में भूमिका पर जोर देते हुए उपराष्ट्रपति ने भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) कार्यक्रम का उल्लेख किया जिससे 160 से अधिक साझेदार देशों के पेशेवरों और अधिकारियों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा, ''2014 से अब तक 'ग्लोबल साउथ' के 80,000 से अधिक पेशेवरों, जिनमें 30,000 महिलाएं शामिल हैं, ने आईटीईसी के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया है। भारत आपसी सम्मान और समानता के आधार पर साझेदार देशों के साथ ज्ञान, कौशल और विशेषज्ञता साझा करने में दृढ़ विश्वास रखता है।''
उपराष्ट्रपति ने कहा कि यूपीआई और 'इंडिया स्टैक' जैसी पहल वैश्विक डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, वित्तीय समावेशन और सुशासन में भारत के बढ़ते योगदान को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि तंजानिया के जंजीबार में आईआईटी मद्रास का अंतरराष्ट्रीय परिसर अफ्रीका के साथ भारत की बढ़ती शैक्षणिक और तकनीकी साझेदारी का एक और उदाहरण है।
वर्ष 2023 में भारत की जी20 अध्यक्षता का उल्लेख करते हुए राधाकृष्णन ने अफ्रीकी संघ को जी20 का स्थायी सदस्य बनाए जाने को वैश्विक निर्णय प्रक्रिया में अफ्रीका की भागीदारी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा और वैज्ञानिक नवाचार के कारण तेजी से हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्नातकों से आजीवन सीखने की आदत अपनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ''आपकी डिग्रियां मजबूत नींव हैं, लेकिन आजीवन सीखना आपकी सबसे बड़ी पूंजी होगी।'' राधाकृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय लक्ष्यों को हासिल करने में शैक्षणिक संस्थानों की परिवर्तनकारी भूमिका पर बार-बार जोर दिया है।'' उपराष्ट्रपति ने कहा कि सिम्बायोसिस (डीम्ड यूनिवर्सिटी) भारतीय उच्च शिक्षा की समृद्ध विरासत को देश की सीमाओं से बाहर ले जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने 2024 में दुबई में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय परिसर स्थापित किया और अब यह पश्चिम एशिया में सबसे तेजी से बढ़ते भारतीय विश्वविद्यालयों में से एक बन गया है। राधाकृष्णन ने कहा, ''ऐसी पहल भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करती हैं और वैश्विक ज्ञान केंद्र के रूप में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाती हैं।'' उपराष्ट्रपति ने कहा कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विश्वविद्यालय में 62,000 से अधिक विद्यार्थी थे, जिनमें 29,000 से अधिक छात्राएं शामिल थीं।
उन्होंने कहा, ''ये आंकड़े समावेशी शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और अवसरों तक समान पहुंच के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता दर्शाते हैं। इनमें पूर्वोत्तर और भारत के अन्य हिस्सों के विद्यार्थी भी शामिल हैं।'' राधाकृष्णन ने कहा कि 85 देशों के 3,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की मौजूदगी ने विश्वविद्यालय के वैश्विक स्वरूप को और मजबूत किया है।