Edited By Anil Kapoor,Updated: 16 Mar, 2026 09:13 AM

नेशनल डेस्क: झारखंड के जमशेदपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सबको हैरान और दुखी कर दिया है। बेलाजुड़ी पंचायत के मलियंता गांव में एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब भोज खाते समय एक व्यक्ति की जान चली गई। महज एक रसगुल्ला गले में...
नेशनल डेस्क: झारखंड के जमशेदपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सबको हैरान और दुखी कर दिया है। बेलाजुड़ी पंचायत के मलियंता गांव में एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब भोज खाते समय एक व्यक्ति की जान चली गई। महज एक रसगुल्ला गले में फंसने के कारण 41 वर्षीय ललित सिंह की मौत हो गई।
रात एक बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ललित सिंह शुक्रवार रात करीब एक बजे गांव में ही एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। शादी का माहौल था और चारों तरफ खुशियां थीं। ललित अन्य मेहमानों के साथ भोजन कर रहे थे, तभी उन्होंने एक रसगुल्ला खाया। वह रसगुल्ला अचानक उनके गले (Food Pipe/Windpipe) में जाकर फंस गया।
सांस रुकने से बिगड़ी हालत
रसगुल्ला गले में फंसते ही ललित को सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने पीठ थपथपाकर और अन्य तरीकों से रसगुल्ला बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। देखते ही देखते उनकी हालत नाजुक हो गई। आनन-फानन में ग्रामीण और परिजन उन्हें लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने क्या कहा?
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, गले में रसगुल्ला फंसने की वजह से सांस की नली (Respiratory Tract) पूरी तरह ब्लॉक हो गई थी। इससे शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई रुक गई और कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर से डोली उठनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।