Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 29 Jun, 2025 02:14 PM

एयर इंडिया की चेन्नई जाने वाली फ्लाइट AI 639 को उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही अचानक केबिन में जलने की गंध आने के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर आपात रूप से वापस लौटना पड़ा। यह घटना शुक्रवार रात की है जब विमान ने मुंबई से रात 10:55 बजे उड़ान भरी थी।
नेशनल डेस्क: एयर इंडिया की चेन्नई जाने वाली फ्लाइट AI 639 को उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही अचानक केबिन में जलने की गंध आने के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर आपात रूप से वापस लौटना पड़ा।बता दें यह घटना शुक्रवार रात की है जब विमान ने मुंबई से रात 10:55 बजे उड़ान भरी थी। एयर इंडिया के प्रवक्ता का बयान अब सामने आया है, उनके अनुसार, यह एक "एहतियाती हवाई वापसी" थी जिसे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को देखते हुए किया गया। फ्लाइट को सुरक्षित रूप से मुंबई लैंड कराया गया और तुरंत सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया। इसके बाद विमान को तकनीकी जांच के लिए अलग कर दिया गया और उसमें बदलाव किया गया। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि एयर इंडिया अपने मेहमानों और चालक दल की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखती है और इस तरह की किसी भी स्थिति से तुरंत और सुरक्षित रूप से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहती है।
एयर इंडिया ने इस अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए सभी यात्रियों को ज़रूरी सहायता उपलब्ध कराई। मुंबई में मौजूद ग्राउंड स्टाफ ने यात्रियों की मदद की और असुविधा को कम करने के प्रयास किए। यात्रियों को दूसरे विमान से चेन्नई भेजने की भी व्यवस्था की गई।