फिलीपीन में PM मोदी ने रचा इतिहास; 100 साल पुराने गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण की रखी आधारशिला, बोले-'खुद को बहुत धन्य महसूस कर रहा'(Video)

Edited By Updated: 17 Nov, 2026 12:21 PM

pm modi leads foundation stone ceremony for philippines

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में मत्था टेककर उसके पुनर्विकास की आधारशिला रखी। 1901 में स्थापित यह फिलीपीन का सबसे पुराना गुरुद्वारा है। पांच मंजिला परिसर के रूप में इसका विकास होगा। मोदी आसियान-भारत, पूर्वी...

Manila: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपीन की राजधानी मनीला में देश के सबसे पुराने गुरुद्वारे में मत्था टेका और उसके पुनर्विकास कार्यों की आधारशिला रखे जाने के समारोह का नेतृत्व किया। इस अवसर पर उन्होंने सिख धर्म की आध्यात्मिक विरासत और भारत-फिलीपीन के ऐतिहासिक सांस्कृतिक संबंधों को भी रेखांकित किया। मोदी ने 100 साल से अधिक पुराने गुरुद्वारा खालसा दीवान में माथा टेकने के बाद कहा कि वह यहां आकर खुद को बहुत धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर गुरुद्वारे की यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ''मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान में आकर मैं बहुत धन्य महसूस कर रहा हूं।''

 

— Press Trust of India (@PTI_News) November 17, 2026

विदेश मंत्रालय ने भी इस आयोजन की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने मनीला के सबसे पुराने गुरुद्वारे के पुनर्विकास की आधारशिला रखे जाने के कार्यक्रम का नेतृत्व किया। मंत्रालय के अनुसार, खालसा दीवान गुरुद्वारा एक सदी से अधिक समय से भारत और फिलीपीन के बीच जीवंत सांस्कृतिक संबंधों तथा दोनों देशों के लोगों के आपसी जुड़ाव का प्रतीक रहा है। 
 

1901 में हुई थी गुरुद्वारे की स्थापना
गुरुद्वारा खालसा दीवान का इतिहास भारतीय, विशेषकर पंजाबी और सिख समुदाय की फिलीपीन में पुरानी मौजूदगी से जुड़ा है। इसकी स्थापना 1901 में हुई थी, जबकि 1903 में इसे औपचारिक रूप से संगठित किया गया। वर्ष 1924 में इसे खालसा दीवान के नाम से पंजीकृत किया गया। यह फिलीपीन का सबसे पुराना गुरुद्वारा है और मनीला में सिख समुदाय की धार्मिक, सांस्कृतिक तथा सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इसके पुनर्विकास की योजना के तहत इसे पांच मंजिला परिसर के रूप में विकसित करने की तैयारी है, ताकि संगत और समुदाय के लिए पर्याप्त जगह तथा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। आधारशिला समारोह में पांच प्यारे भी मौजूद थे। फिलीपीन के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो सहित कई प्रमुख हस्तियों ने भी इसमें हिस्सा लिया। 
 


गुरु साहिबों की शिक्षाओं को किया नमन
मोदी ने सोमवार को ही इस गुरुद्वारे को आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया था। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा था कि 17 नवंबर उनके लिए विशेष दिन होगा और उन्हें गुरुद्वारा खालसा दीवान के पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा। उन्होंने कहा था कि गुरु साहिबों की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सिख समुदाय ने पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। सिख समुदाय दूसरों की सेवा करने और बेहतर दुनिया के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। 
 


आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा
मोदी 16 नवंबर को फिलीपीन पहुंचे थे। वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मनीला की यात्रा पर हैं। इन सम्मेलनों का आयोजन फिलीपीन की आसियान अध्यक्षता के तहत किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में इन दोनों शिखर सम्मेलनों के अलावा क्वाड देशों के नेताओं की बैठक भी शामिल है। यह सितंबर 2024 के बाद क्वाड नेताओं की पहली आमने-सामने की बैठक होगी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा सत्ता में आने के बाद इस स्तर की पहली बैठक होगी। 

 

भारत और आसियान के बीच व्यापार, संपर्क, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करना इस यात्रा के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से भी यह यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा और 2026-2030 की कार्ययोजना पर चर्चा होनी है। वहीं, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों, शांति, स्थिरता और सहयोग से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!