Edited By Pardeep,Updated: 10 Apr, 2026 06:20 AM

राजस्थान के नागौर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक इलेक्ट्रिक कार (EV) का ही प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) चालान काट दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए...
नेशनल डेस्कः राजस्थान के नागौर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक इलेक्ट्रिक कार (EV) का ही प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) चालान काट दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
नई EV खरीदने के तीन महीने बाद हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, जोधपुर निवासी पुनाराम ने करीब तीन महीने पहले एक नई इलेक्ट्रिक कार खरीदी थी। 6 अप्रैल को जब यह वाहन नागौर में था, उस समय उनके बड़े भाई अशोक पंवार कार चला रहे थे। इसी दौरान RTO रोड पर पुलिसकर्मी ने वाहन को रोककर चालान काट दिया।
‘मशीन में NIL दिखा’ बताकर काटा चालान
जब चालान का मैसेज मिला, तो अशोक पंवार मौके पर मौजूद ASI राजकुमार से मिले और कारण पूछा। उन्होंने बताया कि यह इलेक्ट्रिक वाहन है, जिससे प्रदूषण नहीं होता, इसलिए PUC की जरूरत नहीं होती। इस पर ASI ने जवाब दिया कि उनकी मशीन में PUC सर्टिफिकेट “NIL” दिख रहा है, इसी आधार पर चालान किया गया।
1700 रुपये का जुर्माना
पुलिस ने ₹1500 का PUC चालान और ₹200 का टिंटेड ग्लास का चालान बनाकर कुल ₹1700 का जुर्माना वसूला। वाहन चालक अशोक पंवार ने इस कार्रवाई को नियमों के खिलाफ बताया है। उनका कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहन से धुआं नहीं निकलता, इसलिए PUC सर्टिफिकेट की जरूरत ही नहीं होती। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कार के शीशों पर काली फिल्म नहीं, बल्कि धूप से बचाव के लिए जाली लगाई गई थी।
वीडियो वायरल, कानूनी कार्रवाई की तैयारी
अशोक पंवार ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। उन्होंने पुलिस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।