Edited By Tanuja,Updated: 01 Jun, 2026 12:08 PM

अमेरिका के न्यूआर्क से स्पेन जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा, जब एक यात्री के ब्लूटूथ डिवाइस का नाम कथित तौर पर “BOMB” पाया गया। सुरक्षा अलर्ट के बाद विमान की तलाशी ली गई, यात्रियों की दोबारा जांच हुई और बाद में...
New York: अमेरिका के न्यूयार्क से स्पेन के पाल्मा डी मयोर्का जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को बीच आसमान से वापस लौटना पड़ा, जब एक यात्री के ब्लूटूथ डिवाइस का नाम कथित तौर पर “BOMB” दिखाई दिया। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे संभावित खतरा मानते हुए विमान को वापस बुला लिया और सभी यात्रियों की दोबारा जांच की गई। शनिवार शाम यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट UA198 न्यू जर्सी के Newark Liberty International Airport से स्पेन के Palma de Mallorca के लिए रवाना हुई थी। विमान में 190 यात्री और 12 क्रू सदस्य सवार थे। उड़ान के दौरान क्रू को पता चला कि किसी यात्री के ब्लूटूथ डिवाइस का नाम “BOMB” सेट किया गया है। इसके बाद सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया। रिपोर्टों के अनुसार, क्रू ने बार-बार यात्रियों से सभी ब्लूटूथ डिवाइस बंद करने को कहा, लेकिन दो डिवाइस सक्रिय बने रहे, जिससे संदेह और बढ़ गया।
सुरक्षा जोखिम को देखते हुए विमान ने अटलांटिक महासागर पार करने के बजाय यू-टर्न लिया और लगभग साढ़े तीन घंटे बाद रात 9:37 बजे फिर से न्यूआर्क एयरपोर्ट पर उतर गया।लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया। पोर्ट अथॉरिटी पुलिस ने विमान की पूरी तलाशी ली। यात्रियों की दोबारा सुरक्षा जांच की गई। अमेरिकी एजेंसियों TSA और CBP ने भी स्क्रीनिंग की। बाद में दूसरी फ्लाइट से भेजे गए यात्री। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद यात्रियों को एक दूसरे विमान और नए क्रू के साथ रविवार सुबह फिर स्पेन रवाना किया गया। यह उड़ान सुरक्षित रूप से पाल्मा डी मयोर्का पहुंच गई। एयरलाइन ने केवल इतना कहा कि उड़ान को “संभावित सुरक्षा चिंता” के कारण वापस लौटाया गया था। कंपनी ने घटना के सटीक कारणों पर सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की।
यह मई महीने में यूनाइटेड एयरलाइंस से जुड़ी दूसरी बड़ी सुरक्षा घटना है। कुछ दिन पहले ही एक घरेलू उड़ान को एक उग्र यात्री द्वारा कथित तौर पर कॉकपिट तक पहुंचने की कोशिश के बाद आपातकालीन रूप से डायवर्ट करना पड़ा था। हवाई सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, विमान में किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का नाम “BOMB” या विस्फोटक से जुड़े किसी शब्द पर रखना मजाक नहीं बल्कि गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना जाता है। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद विमानन सुरक्षा नियम बेहद सख्त हो चुके हैं, इसलिए ऐसे किसी भी संकेत को नजरअंदाज नहीं किया जाता।