Edited By Radhika,Updated: 21 Jul, 2026 12:26 PM

नीट प्रश्नपत्र लीक मामले और इसके विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई समेत विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को राज्यसभा की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। हंगामे...
नेशनल डेस्क: नीट प्रश्नपत्र लीक मामले और इसके विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई समेत विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को राज्यसभा की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। हंगामे के कारण उच्च सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया। एक बार के स्थगन के बाद दोपहर बारह बजे बैठक शुरू हुई तो विपक्षी सदस्यों ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले और इसके विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई समेत विभिन्न मुद्दों पर हंगामा शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें- CJP Protest Live: CJP Protest पर मल्लिकार्जुन खरगे बोले- हम संसद में आवाज उठाना चाहते हैं, पर बोलने नहीं दिया जाता
सभापति सी पी राधाकृष्णन ने सदस्यों से शांत रहने की अपील की। अपनी बात का असर न होते देख उन्होंने बैठक दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी और सदन में प्रश्नकाल नहीं हो पाया। इससे पहले, पूर्वाह्न 11 बजे बैठक शुरू होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने सदन में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की बधाई दी। इसके बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इस दौरान खरगे ने कुछ कहना चाहा।
ये भी पढ़ें- PM मोदी ने NEET Paper Leak को बताया गंभीर अपराध, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया
सभापति ने उन्हें अपनी बात रखने की अनुमति दी। खरगे ने कहा कि नीट पेपर लीक को लेकर सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और यह सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। उनकी बात पूरी नहीं हो पाई थी कि आपत्ति जताते हुए सत्ता पक्ष के सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर विपक्षी सदस्यों ने भी हंगामा शुरू कर दिया। सदन में हंगामे के बीच सभापति राधाकृष्णन ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी और शून्यकाल नहीं हो पाया। संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हुआ और नीट पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दों पर हंगामे के कारण कल भी सदन में कोई कामकाज नहीं हो पाया था।