Edited By Pardeep,Updated: 28 Sep, 2026 05:41 AM

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ इलाके में रहने वाली 'मिस प्रिटी इंडिया' 2024 की विजेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी (30) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से बनारस की रहने वाली निधि का शव रविवार सुबह...
सिंगरौली : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ इलाके में रहने वाली 'मिस प्रिटी इंडिया' 2024 की विजेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी (30) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से बनारस की रहने वाली निधि का शव रविवार सुबह उनके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। निधि सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं और गानों पर डांस रील्स बनाकर शेयर करती थीं। उनके फेसबुक पर 9 लाख 28 हजार और इंस्टाग्राम पर 7 लाख 12 हजार फॉलोअर्स थे।
फोन पर बहस के बाद कमरे में बंद कर लिया था खुद को
निधि की मां लता तिवारी ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे निधि की दिल्ली निवासी सोनू सिंह नाम के युवक से फोन पर बहस हुई थी। इस बातचीत के बाद निधि ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर की और खुद को कमरे में बंद कर लिया। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच जब परिजनों ने उनसे खाना खाने के लिए कहा, तो उन्होंने इंकार कर दिया और खुद को अकेला छोड़ने को कहा। इसके बाद परिजन सोने चले गए। रविवार सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने खिड़की से देखा तो उनका शव फंदे से लटका हुआ था।
"इस अधूरे से दिल को किसी ने पूरा नहीं किया..." आत्महत्या से ठीक पहले निधि ने फेसबुक पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर की थी। उन्होंने लिखा था, "इस अधूरे से दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद से पूरा कर दिया। इसलिए कहा जाता है खुद से प्यार करो किसी और से नहीं, खुद में खुद को तलाश करो, किसी और में आखिर कब तक तलाशोगे खुद को"।
5 साल पहले बड़ी बहन ने भी की थी खुदकुशी
पड़ोसी भूपेंद्र सिंह के अनुसार, निधि भूसा मोड़ इलाके में अपनी मां और छोटी बहन के साथ रहती थीं। उनके पिता अशोक तिवारी करीब 15 साल से परिवार से अलग रह रहे हैं। चार बहनों में से निधि की बड़ी बहन ने भी करीब 5 साल पहले कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। उनकी एक छोटी बहन की शादी बनारस में हुई है, जबकि दूसरी छोटी बहन मां के साथ रहकर पढ़ाई कर रही है। वर्ष 2024 में 'मिस प्रिटी इंडिया' का खिताब जीतने वाली निधि का सपना भविष्य में फिल्मों में बतौर एक्टर काम करने का था।
कॉल डिटेल और सोशल मीडिया खंगाल रही पुलिस
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। इसके साथ ही निधि के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और सोशल मीडिया एक्टिविटी की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थीं।